जबलपुर के रहवासी क्षेत्र में पहुंचा 4 फीट लंबा मगरमच्छ, बुलाने पर नहीं पहुंचे वनकर्मी तो ग्रामीणों ने खुद किया रेस्क्यू
जबलपुर के खमरिया क्षेत्र में एक खेत के फिश टैंक में 4 फीट लंबा मगरमच्छ का बच्चा मिला, जिसने दो ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने किया मगरमच्छ का रेस्क्यू।
HighLights
जबलपुर के खमरिया में फिश टैंक में मिला मगरमच्छ।
मगरमच्छ ने दो दिन में खा लीं 25-30 किलो मछलियां।
वन विभाग के न पहुंचने पर ग्रामीणों ने किया रेस्क्यू।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। खमरिया क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया, जब घाना स्थित एक खेत में बने फिश टैंक के अंदर चार फीट लंबा मगरमच्छ का बच्चा मिला। यह मगरमच्छ पिछले दो दिनों से टैंक में मौजूद था और इस दौरान करीब 25 से 30 किलो मछलियां खा गया। शनिवार को टैंक में मछलियों की संख्या अचानक कम दिखाई देने और पानी में मरी हुई मछलियों के अवशेष मिलने पर मालिक को शक हुआ। जांच करने पर टैंक के भीतर मगरमच्छ नजर आया।
ग्रामीणों ने खुद संभाली जिम्मेदारी
मगरमच्छ दिखाई देने के बाद फिश टैंक मालिक लखपत यादव ने तत्काल वन विभाग को सूचना दी। हालांकि, काफी देर तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची। इसके बाद स्थानीय लोगों ने खुद ही मगरमच्छ को सुरक्षित बाहर निकालने का फैसला किया।
ग्रामीणों ने दोपहर करीब दो बजे टैंक में जाल डाला और सावधानीपूर्वक मगरमच्छ के बच्चे को पकड़ लिया। इस दौरान वन्यप्राणी विशेषज्ञ शंकरेन्द्रुनाथ को भी सूचना देकर मौके पर बुलाया गया।
मछलियां कम दिखीं तो टैंक में की जांच
टैंक मालिक लखपत यादव ने बताया कि उन्होंने अपने खेत में मछली पालन के लिए फिश टैंक बनाया है। इसमें पहले बड़ी संख्या में मछलियां दिखाई देती थीं, लेकिन शनिवार को अचानक उनकी संख्या काफी कम नजर आई। पानी में मरी हुई मछलियों के अवशेष भी तैर रहे थे।
यह भी पढ़ें- कटनी की निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया को हाई कोर्ट से झटका, FIR निरस्त करने की याचिका खारिज
जब उन्होंने टैंक के अंदर ध्यान से देखा तो वहां मगरमच्छ बैठा हुआ था। इसके बाद तत्काल रेस्क्यू की तैयारी शुरू की गई।
ग्रामीणों की मदद से पकड़े गए मगरमच्छ के बच्चे को सुरक्षित रखा गया है। अब उसे वन विभाग के सुपुर्द करने की प्रक्रिया की जा रही है। खेत के फिश टैंक में मगरमच्छ पहुंचने से आसपास के लोगों में भी कौतूहल बना हुआ है।