उत्तराखंड: शादी में जा रहे ई-रिक्शा सवार लोगों को डीसीएम ने मारी टक्कर, तीन की मौत
काशीपुर के जसपुर के पास एक शादी समारोह में जा रहे ई-रिक्शा को डीसीएम ने टक्कर मार दी। इस हादसे ...और पढ़ें

तेज रफ्तार डीसीएम ने ई-रिक्शा को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। Jagran

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस जागरण, काशीपुर। एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरे ई-रिक्शा को जसपुर के पास बड़ी नहर के समीप एक तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी।
हादसे में ई-रिक्शा चालक कुंडा निवासी 26 वर्षीय शहजाद अली पुत्र रमजानी समेत एक ही परिवार के दो सदस्यों सावलदे, रामनगर निवासी 65 वर्षीय शमशीदा पत्नी हुकूमत अली और उनके जेठ 75 वर्षीय शौकत अली पुत्र पिराअली की मौके पर ही मौत हो गई।
चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार
वहीं परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है।
यह भी पढ़ें- जौनपुर में ट्रैक्टर रोटावेटर से दर्दनाक हादसा, सात वर्षीय बालक की मौत; शरीर के हो गए कई टुकड़े
जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रामनगर से ट्रेन द्वारा काशीपुर पहुंचा था और ई-रिक्शा में सवार होकर मृतका शमशीदा की बहन भूतपुरी निवासी जुबेदा के बेटे जाकिर की शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा बड़ी नहर के पास पहुंचा, सामने से आ रही डीसीएम ने उसे सीधी टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में एक ही परिवार के चार लोग सावलदे रामनगर निवासी 60 वर्षीय हुकूमत अली पुत्र सुबराती, मृतक शौकत अली की पत्नी 50 वर्षीय मोहमद्दी, शमशीदा की बहन स्योहारा निवासी 65 वर्षीय खुर्शीदा पत्नी मोहम्मद अली और हुकूमत अली की बहन चंडिका कादराबाद निवासी 56 वर्षीय कुबरा पत्नी जबीर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना मिलते ही कुंडा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। वहीं पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है।
यह भी पढ़ें- रोहिणी में दर्दनाक हादसा, DDA की खाली जमीन पर हुए जलभराव में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
सीओ प्रशांत कुमार ने बताया कि हादसे के बाद से डीसीएम चालक फरार है। चालक की तलाश की जा रही है। मृतकों के परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के बाद आगे की कार्यवाही की जाएगी। फिलशहाल शवों को माेर्चरी में रखवा दिया गया है।
