विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जौनपुर में ट्रैक्टर रोटावेटर से दर्दनाक हादसा, सात वर्षीय बालक की मौत; शरीर के हो गए कई टुकड़े

Published: Sat, 10 Oct 2026 11:27 PM (GMT+05:30)

जौनपुर के मधुपुर गांव में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहाँ ट्रैक्टर पर चढ़ते समय रोटावेटर में फंसने से सात वर्षीय नितेश सरोज की मौत हो गई।

जौनपुर: मुगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में ट्रैक्टर के रिटवेटर से बालक की मौत के बाद आक्रोशित स्वजन को समझाती पुलिस। जागरण

जौनपुर: मुगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में ट्रैक्टर के रिटवेटर से बालक की मौत के बाद आक्रोशित स्वजन को समझाती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. सात वर्षीय नितेश सरोज की रोटावेटर में फंसकर मौत।

  2. हादसा जौनपुर के मधुपुर गांव में हुआ, चालक फरार।

  3. सीओ के समझाने पर पुलिस ने शव कब्जे में लिया।

जागरण संवाददाता, जौनपुर। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के मधुपुर गांव में शनिवार को ट्रैक्टर पर चढ़ते समय उसमें लगे रोटावेटर में फंस जाने से विनोद सरोज के सात वर्षीय पुत्र नितेश सरोज के शरीर के कई टुकड़े हो गए। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। स्वजन व ग्रामीण चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर पुलिस को शव कब्जे में लेने से रोक दिया। सीओ मछली शहर परमानंद कुशवाहा के समझाने-बुझाने पर चार घंटे बाद पुलिस विधिक प्रक्रिया पूरी करने को शव ले जा सकी।

यह है पूरा मामला

प्राथमिक विद्यालय मधुपुर में कक्षा दो में पढ़ने वाला नितेश सरोज अपने घर के सामने खेत में बकरी चरा रहा था। उसी खेत में संतलाल यादव उर्फ भुल्लुर रोटावेटर लगे ट्रैक्टर से जोताई कर रहे थे। नितेश ने ट्रैक्टर पर बैठने की इच्छा जताई। संतलाल यादव ट्रैक्टर रोककर उसे बैठाने लगे। इसी दौरान असावधानीवश अचानक ट्रैक्टर चल गया और रोटावेटर में फंस जाने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घबरा उठे संतलाल यादव ट्रैक्टर छोड़कर भाग गए। रो-बिलख रहे मृत बालक के स्वजन व आक्रोशित ग्रामीणों ने मौके पर पहुंची पुलिस को चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर शव कब्जे में लेने से रोक दिया। लगभग चार घंटे बाद सीओ मछली शहर परमानंद कुशवाहा घटनास्थल पर पहुंचे।

उन्होंने स्वजन व ग्रामीणों को समझा-बुझाकर कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया तब जाकर पुलिस शव कब्जे में ले सकी। पुलिस ने तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज करने के बाद ट्रैक्टर कब्जे में लेकर सतहरिया पुलिस चौकी भेज दिया। चालक की तलाश में पुलिस टीम दबिश दे रही है। लोकेशन पता लगाने को उसका मोबाइल फोन नंबर सर्विलांस पर लगाया गया है।

दो भाइयों में बड़ा था नितेश

पशु चारा खरीद-बिक्री कर परिवार का भरण-पोषण करने वाले विनोद सरोज की तीन संतानों में मृत नितेश मझला था। सबसे बड़ी 12 वर्षीय पुत्री मुस्कान और छोटा भाई रितेश है। मां किरण देवी रोते-रोते बार-बार बेसुध हो जा रही हैं। पिता, बहन-भाई व अन्य सगे-संबंधी भी रो-रोकर बेहाल हैं।

यह भी पढ़ें- कानपुर में खेत जोतते समय रोटावेटर में फंसा किसान, पैर कटकर अलग हुआ; मौके पर हो गई मौत

यह भी पढ़ें- चंदौली में देर शाम खेत की जुताई के दौरान रोटावेटर की चपेट में आने से युवक की मौत