काशीपुर कोर्ट का ऐतिहासिक फैसला, तीन तलाक मामले में पति को सजा
काशीपुर की न्यायिक मजिस्ट्रेट कोर्ट ने तीन तलाक के मामले में अभियुक्त बबलू निसार को दोषी ठहराया है। उसे एक साल कारावास और एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई है।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
जागरण संवाददाता, काशीपुर। न्यायिक मजिस्ट्रेट राजेंद्र कुमार की कोर्ट ने तीन तलाक के मामले में बिजनौर निवासी अभियुक्त बबलू निसार उर्फ बिलाल को दोषी करार देते हुए एक वर्ष के कारावास व एक लाख रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है। अभियुक्त को भारतीय दंड संहिता की धारा 504, 506 व मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम के तहत दोषी पाया।
मामला पांच जुलाई 2022 का है। वादिनी गुलशन जहां का अपने पति बबलू निसार से भरण-पोषण का मुकदमा परिवार न्यायालय काशीपुर में चल रहा था। उस दिन दोनों पक्ष तारीख पर आए थे।
आरोप था कि कोर्ट की कार्रवाई के बाद शाम 5:15 बजे परिवार न्यायालय परिसर के बाहर पति ने पत्नी को गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी और मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया।
वादिनी के इंकार करने पर अभियुक्त ने उसके पिता शफीक अहमद व भाई मो. सिराज के सामने एक साथ तीन तलाक बोल दिया। आठ जुलाई 2022 को तलाक का नोटिस भी भेजा गया। वादिनी ने 18 जुलाई 2022 को थाना आइटीआइ में शिकायत दी। कार्रवाई न होने पर एसएसपी को भी प्रार्थना पत्र दिया। बाद में कोर्ट के आदेश पर 30 अक्टूबर 2022 को प्राथमिकी हुई।
अभियोजन की ओर से वादिनी समेत चार गवाह पेश किए गए। वादिनी, उसके पिता और भाई ने घटना का एक समान बयान दिया। अदालत ने माना कि अभियोजन सभी आरोपों को संदेह से परे साबित करने में सफल रहा।
बचाव पक्ष का तर्क था कि अभियुक्त को झूठा फंसाया गया है, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया। अभियोजन पक्ष की ओर से अभियोजन अधिकारी सुजाता आजाद ने भैरवी की।
यह भी पढ़ें- बलिया में खाड़ी देश से इमो एप पर पत्नी को वीडियो काल कर दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में दहेज के लिए तीन तलाक, बेटी छीनकर महिला को घर से निकाला