विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीर नगर में दहेज के लिए तीन तलाक, बेटी छीनकर महिला को घर से निकाला

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:17 PM (IST)

दहेज की मांग पूरी न होने पर एक महिला को तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से निकाल दिया गया। ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. दहेज की मांग पर विवाहिता को दिया तीन तलाक।

  2. दूधमुंही बेटी छीनकर बहन को सौंपने का आरोप।

  3. कोर्ट के आदेश पर पति समेत पांच पर केस।

जागरण संवाददाता, धनघटा, (संतकबीर नगर)। दहेज की मांग पूरी न होने पर विवाहिता को प्रताड़ित करने, उसकी दूधमुंही बेटी को छीनकर ले जाने और तीन तलाक देकर मारपीट कर घर से निकालने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर न्यायालय के आदेश के अनुपालन में पुलिस ने पति, सास, ससुर, देवर और ननद के विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

परसा गांव निवासी मोहम्मद इब्राहिम की पुत्री सावरीन खातून ने तहरीर में बताया कि उसका निकाह तीन दिसंबर, 2020 को कटया गांव निवासी निसार अहमद के पुत्र सद्दाम हुसैन के साथ हुआ था। निकाह के समय उसके मायके वालों ने पांच लाख रुपये नकद, बुलेट और घरेलू उपयोग का अन्य सामान उपहार स्वरूप दिया था। शादी के बाद उसके तीन बच्चे हुए। आरोप है कि ससुराल वाले पांच लाख रुपये अतिरिक्त दहेज की मांग करने लगे और उसे शारीरिक व मानसिक रूप से प्रताड़ित करने लगे। सब कुछ ठीक होने की उम्मीद में वह उत्पीड़न सहती रही।

सावरीन का आरोप है कि इसी दौरान उसके पति ने उसकी दूधमुंही बेटी को गौवापार निवासी अपनी बहन समीमा खातून पत्नी सजाउद्दीन को सौंप दिया। वह बच्ची को लेकर गुजरात चली गई। जानकारी करने पर पता चला कि पति ने बेटी को देने के बदले अपनी बहन से 10 लाख रुपये लिए थे। इसका विरोध करने पर 14 सितंबर को सास, ससुर, देवर और ननद ने एकराय होकर पति से उसे तीन तलाक दिलवा दिया। इसके बाद मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया गया।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में किशोरी का धर्म परिवर्तन कर निकाह, मुंबई से लौटे आरोपी को पुलिस ने दबोचा

पीड़िता ने बताया कि घटना की शिकायत स्थानीय पुलिस और उच्चाधिकारियों से की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने न्यायालय की शरण ली। मामले की सुनवाई के बाद न्यायालय ने पुलिस को मुकदमा दर्ज करने का आदेश दिया। आदेश के अनुपालन में पुलिस ने नामजद आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि होने पर नामजद आरोपितों के विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- UP: संतकबीरनगर के बगहिया वार्ड में सुविधाओं की कमी, बांस के सहारे पहुंच रही बिजली