विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 16, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Uttarakhand News: भारत ने पानी रोका तो पाकिस्तानियों ने भारत के युवक को रखा प्यासा, एसएसपी की मदद से हुई वतन वापसी

Published: Fri, 16 May 2025 12:15 PM (IST)

पहलगाम हमले के बाद भारत द्वारा सिंधु नदी का पानी रोकने पर दुबई में किच्छा के युवक को पाकिस्तानी सहकर्मियों ...और पढ़ें

दुबईं में फंसे युवक को रुद्रपुर लाने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा का आभार व्‍यक्‍त करते स्‍वजन। जागरण
दुबईं में फंसे युवक को रुद्रपुर लाने के बाद एसएसपी मणिकांत मिश्रा का आभार व्‍यक्‍त करते स्‍वजन। जागरण

HighLights

  1. एजेंट से पूछताछ के बाद दुबई से पीड़ित को एसएसपी के प्रयास से लाया गया
  2. एसएसपी कार्यालय पहुंचे स्वजन ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा का जताया आभार

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान जाने वाले सिंधु नदी का पानी रोका तो दुबई में नौकरी करने गए किच्छा के युवक के साथ रहने वाले पाकिस्तानी युवकों ने उसका उत्पीड़न करना शुरू कर दिया। 

पाकिस्तानी युवकों ने कहा कि जब भारत ने सिंधु नदी का पानी रोक दिया है तो तुझे भी पीने का पानी नहीं देंगे। इस पर वह बीमार हो गया और वापस घर आने का प्रयास करने लगा। 

काफी प्रयास के बाद भी जब वह वहां से नहीं निकल पाया तो एसएसपी ऊधम सिंह नगर मणिकांत मिश्रा के प्रयास से उसे वापस भारत लाया गया, जिसके बाद गुरुवार को युवक और उसके स्वजन एसएसपी कार्यालय पहुंचे और एसएसपी का आभार जताया।

किच्छा निवासी विशाल पुत्र राधे श्याम ने पॉलिटेक्निक करने के बाद वह कुछ माह पहले एजेंट के माध्यम से नौकरी के लिए दुबई पहुंच गया था। आठ मई, 2025 को किच्छा निवासी विशाल के स्वजन चौकी बांसफोड़ान काशीपुर पहुंचे। 

इस दौरान उन्होंने पुलिस को बताया कि उनका पुत्र विशाल को काशीपुर मोहल्ला अल्ली खां निवासी समीर नामक एजेंट ने नौकरी के लिए दुबई भेजा था। दुबई में विशाल का स्वास्थ्य खराब होने लगा तो मानसिक रूप से भी परेशान होने की भी बात कह कर स्वजन से बार-बार वापस आने की गुहार लगाने लगा। स्वजन ने पुलिस से संपर्क किया। 

मामले की जानकारी बांसफोड़ान पुलिस ने एसएसपी मणिकांत मिश्रा को दी। इसके बाद एसएसपी की अगुवाई में पुलिस टीम विशाल को वापस घर लाने की तैयारी में जुट गई। इसके लिए पुलिस ने एजेंट समीर से संपर्क कर विशाल और उसके साथ रहने वाले अन्य युवकों की जानकारी लेते हुए उनसे संपर्क किया। 

वहां रह रहे युवकों की मदद से विशाल की बात उसके स्वजन से कराई गई, जिसके बाद उसका पासपोर्ट दिलाने के साथ ही यहां से ही उसका टिकट बनाकर उसे भेजा गया। इसके बाद उसे भारत लाया गया। 

गुरुवार को विशाल अपनी मां समेत अन्य स्वजन के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचा और एसएसपी मणिकांत मिश्रा से मुलाकात कर आभार जताया। इस दौरान विशाल ने बताया कि जहां वह रहता था, उसके साथ पाकिस्तानी युवक भी रहते थे। 

पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत ने पाकिस्तान का पानी रोक लिया था। जिससे साथ रहने वाले पाकिस्तानी युवक आक्रोशित हो गए और उसे परेशान करते थे। साथ ही उसे पीने का पानी भी नहीं देते थे। पाकिस्तानी युवक बार-बार उससे कहता था कि भारत ने पाकिस्तान का पानी रोक रखा है, इसलिए वह उसे पानी नहीं देंगे।