बागवानों के अदृश्य दुश्मन से स्मार्ट जंग करेगा फ्रूट फ्लाई ट्रैप, एक बोतल से आसानी से बनाइए
कृषि विभाग अब रासायनिक छिड़काव की बजाय फ्रूट फ्लाई ट्रैप तकनीक को बढ़ावा दे रहा है, जो पर्यावरण-अनुकूल और प्रभावी है।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
गणेश पांडे, काशीपुर। मई 2026 में जापान ने भारतीय आम की कई किस्मों की खेप लेने से मना कर दिया था। वजह ही फ्रूट फ्लाई व कीट-नियंत्रण प्रक्रिया में कमी। इससे पहले भी कई देश गुणवत्ता में कमी बताकर भारतीय फलों को आयात करने से इनकार कर चुके हैं।
किसानों के लिए बड़ी समस्या बनते फ्रूट फ्लाई (फल मक्खी) से निपटने व प्रभावी रोकथाम के लिए कृषि विभाग फ्रूट फ्लाई ट्रैप तकनीक पर जोर दे रहा है। जैविक नियंत्रण वाली तकनीक पर किसान काफी रुचि दिखा रहे हैं।
कृषि विज्ञान केंद्र काशीपुर के विज्ञानी डा. अनिल चंद्रा के अनुसार फल मक्खी बागवानी फसलों की सबसे बड़ी दुश्मन है। यह फल को अंदर से खोखला कर देती है और इससे 30 से 100 प्रतिशत तक नुकसान हो सकता है। इसकी 200 से अधिक प्रजातियां तेजी से प्रजनन करती हैं। इस कीट का हमला दिखता नहीं।
मादा मक्खी कोमल फल के छिलके में अंडे दे देती है। अंडों से निकले लार्वा अंदर का गूदा खाते हैं। फल समय से पहले पककर या सड़कर गिर जाता है। इसलिए विभाग अब रासायनिक छिड़काव की जगह ट्रैप आधारित रोकथाम को निर्यात योग्य फसल का रास्ता बता रहा है।
इन फसलों पर कारगर
यह ट्रैप कद्दू वर्गीय सब्जियों ककड़ी, खीरा, करेला, लौकी, तरबूज, खरबूजा, चिचिंडा व कद्दू में सबसे ज्यादा कारगर है। आम, अमरूद, आड़ू, नाशपाती, बेर, संतरा, नींबू के साथ टमाटर और मिर्च में भी इसका उपयोग है।
व्यय व कमाई का गणित
रेडीमेड फेरोमोन ट्रैप 60-80 रुपये व ल्यूर 30-40 रुपये का आता है, जो तीन-चार हफ्ते चलता है। एक हेक्टेयर पर 1500-2000 रुपये खर्च आता है, जबकि चार-पांच बार कीटनाशक छिड़काव में 7000-8000 रुपये लगते हैं। ट्रैप से गुणवत्ता बढ़ती है, बाजार में 20-30 प्रतिशत ज्यादा दाम मिलता है।
कीट प्रबंधन के चार स्तंभ
- खेत की सफाई : गिरे व संक्रमित फलों को नष्ट करना, गर्मियों में गहरी जुताई व सिंचाई से प्यूपा नष्ट करना।
- मास ट्रैपिंग : प्रजनन चक्र तोड़ने के लिए 25 ट्रैप प्रति हेक्टेयर।
- जैविक नियंत्रण : मित्र परजीवी कीटों को बढ़ावा।
- कटाई के बाद : अंडों को निष्क्रिय करने को फलों को 48 डिग्री गर्म पानी या पांच प्रतिशत नमक के पानी से उपचारित करना।
स्मार्ट बचाव के अनेक लाभ
रासायनिक स्प्रे केवल सतह पर असर करता है, अंदर छिपा मैगट सुरक्षित रहता है। बारिश में वह धुल जाता है और फलों पर जहर छोड़ जाता है। मास ट्रैपिंग गंध से वयस्क मक्खी को फंसाकर प्रजनन चक्र रोकती है। यह हर मौसम में काम करती है, मित्र कीट सुरक्षित रहते हैं और लागत 10-15 रुपये प्रति बोतल ट्रैप ही आती है।
स्वयं बना सकते हैं ट्रैप
खाली बोतल में बीच में एक सेमी के 6-8 छेद करें। अंदर की ओर मुड़ा फ्लाई गेट बनाएं ताकि मक्खी वापस न उड़ सके। नीचे ल्यूर की जगह रखें और ऊपर फसल की ऊंचाई पर बांधने के लिए हैंगिंग लूप लगाएं। प्रति हेक्टेयर 25 ट्रैप लगाने से संख्या नियंत्रित हो जाती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।