एटा में किसानों को टमाटर-मिर्च के बीज पर मिलेगा 50 प्रतिशत अनुदान, परंपरागत खेती से इतर बागवानी को प्रोत्साहन
एटा में किसानों को पारंपरिक खेती से हटकर बागवानी के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल GEMINI की मदद से बनाया गया है।
HighLights
किसानों को टमाटर-मिर्च के बीज पर 50% अनुदान।
बागवानी को बढ़ावा देने के लिए नई पहल शुरू।
'पहले आओ, पहले पाओ' पर मिलेगा लाभ।
जागरण संवाददाता, एटा। किसानों को परंपरागत खेती से हटकर नई फसलों की खेती के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। इसके तहत उद्यान विभाग की ओर से किसानों को टमाटर और मिर्च का बीज 50 प्रतिश्त अनुदान पर उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए विभाग ने दोनों फसलों का अलग-अलग क्षेत्रफल निर्धारित किया है। इच्छुक किसान आनलाइन आवेदन कर इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
उद्यान विभाग की इस पहल का उद्देश्य किसानों को परंपरागत फसलों के साथ ही सब्जियों की खेती के लिए भी प्रोत्साहित करना है। टमाटर और मिर्च की खेती से किसानों को अतिरिक्त आमदनी का अवसर मिल सकेगा। विभाग की ओर से दोनों फसलों के लिए 20-20 हेक्टेयर क्षेत्रफल निर्धारित किया गया है। योजना का लाभ लेने के लिए किसानों को अपनी खतौनी के आधार पर आनलाइन आवेदन करना होगा।
उद्यान विभाग में करना होगा संपर्क
आवेदन करने के बाद किसानों को उद्यान विभाग में संपर्क करना होगा। विभाग की ओर से पहले आओ पहले पाओ के आधार पर किसानों को बीज उपलब्ध कराया जाएगा। ऐसे में निर्धारित क्षेत्रफल पूरा होने के बाद आवेदन करने वाले किसानों को अनुदान का लाभ नहीं मिल सकेगा।
उद्यान विभाग के वरिष्ठ निरीक्षक सुनील यादव ने बताया कि विभाग की ओर से किसानों को समय रहते आवेदन करने की सलाह दी जा रही है, ताकि वे योजना का लाभ उठा सकें। टमाटर और मिर्च की हमेशा बाजार में मांग रहती है, ऐसे में किसानों को अच्छा भाव भी मिलता है।
इसके चलते किसानों को अच्छी आमदनी भी होती है। योजना के माध्यम से जिले में सब्जी उत्पादन को बढ़ावा देने के साथ किसानों को खेती के नए विकल्प उपलब्ध कराने कराए जा रहे हैं, इसका किसान लाभ ले सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।