विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

होटल की नौकरी छोड़ गांव लौटे राजेश ने सेब की बागवानी से बदली तकदीर, एप्पल मिशन योजना से शुरू की खेती से लिखी नई इबारत

Published: Mon, 23 Nov 2026 08:52 AM (IST)

राजेश सजवाण ने होटल की नौकरी छोड़ टिहरी के अपने गांव में सेब की बागवानी शुरू की। उत्तराखंड सरकार की एप्पल मिशन योजना के तहत 1000 सेब के पौधे लगाकर वे लाखों कमा रहे हैं और दूसरों को भी प्रेरित कर रहे हैं।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

यह तस्वीर एआई द्वारा बनाई गई है।

HighLights

  1. राजेश सजवाण ने होटल की नौकरी छोड़ सेब की बागवानी अपनाई।

  2. एप्पल मिशन योजना से 1000 सेब के पौधे लगाकर लाखों कमाए।

  3. उनकी सफलता ने 100 से अधिक नए बगीचों को प्रेरित किया।

संवाद सहयोगी, नई टिहरी। पहाड़ में रोजगार के सीमित अवसरों के चलते युवाओं का पलायन एक बड़ी चुनौती बना हुआ है। ऐसे में जौनपुर विकासखंड के ग्राम मीरीया, पट्टी लालूर निवासी राजेश सजवाण ने अपनी मेहनत और दृढ़ इच्छाशक्ति से न केवल पलायन की राह छोड़ी, बल्कि गांव में ही स्वरोजगार की नई इबारत लिख दी।

कभी परिवार के भरण-पोषण के लिए शहर के एक होटल में नौकरी करने वाले राजेश आज सेब की बागवानी से लाखों रुपये की आमदनी कर रहे हैं। उत्तराखंड सरकार की एप्पल मिशन योजना और उद्यान विभाग के सहयोग से उन्होंने गांव लौटकर आत्मनिर्भरता की ऐसी मिसाल पेश की है, जिससे क्षेत्र के अन्य किसान और युवा भी प्रेरित हो रहे हैं।

राजेश सजवाण बताते हैं कि वर्ष 2021-22 में उन्होंने एप्पल मिशन योजना के तहत 500 सेब के पौधे लगाए। इसके बाद वर्ष 2023-24 में 500 और पौधों का रोपण किया। इस तरह उन्होंने कुल 1000 सेब के पौधों से बागवानी की शुरुआत की। योजना के तहत उन्हें सरकार की ओर से 80 प्रतिशत अनुदान मिला, जबकि शेष 20 प्रतिशत धनराशि उन्होंने स्वयं खर्च की। शुरुआत में क्षेत्र के लोगों को पहाड़ में सेब की बागवानी सफल होने को लेकर संदेह था, लेकिन राजेश ने हिम्मत नहीं हारी और मेहनत व लगन से अपने प्रयास जारी रखे।

राजेश की मेहनत अब रंग ला रही है। उनकी बागवानी से प्रेरित होकर आसपास के क्षेत्र में 100 से अधिक सेब के बगीचे विकसित हो चुके हैं। वर्तमान में उनके बागान में आठ से दस लोगों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल रहा है। राजेश बताते हैं कि पहले गांव और आसपास के खेतों में सिंचाई के लिए पानी की भारी किल्लत रहती थी। इस समस्या के समाधान के लिए लघु सिंचाई विभाग और उत्तराखंड सरकार के सहयोग से सोलर वाटर लिफ्टिंग पंप स्थापित कराया गया।

इससे खेतों तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचने लगा। जिला उद्यान अधिकारी पंकज पटवाल ने बताया कि जनपद में वर्ष 2020-21 से एप्पल मिशन योजना संचालित की जा रही है। इसके तहत निर्धारित मानकों के अनुसार एमएम-111 और एम-9 प्रजाति के सेब के पौधों का रोपण कराया जाता है। योजना के माध्यम से पात्र किसानों को अनुदान के साथ तकनीकी सहयोग भी उपलब्ध कराया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि उत्तराखंड सरकार और उद्यान विभाग के प्रयासों से पर्वतीय क्षेत्रों में आधुनिक बागवानी को बढ़ावा मिल रहा है। इससे किसानों की आय में वृद्धि के साथ स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार और रोजगार के नए अवसर भी विकसित हो रहे हैं। राजेश सजवाण का कहना है कि सरकारी अनुदान, उद्यान विभाग का तकनीकी सहयोग और सिंचाई की सुविधा ने उनके प्रयासों को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

उन्होंने पहाड़ के युवाओं से अपनी जमीन और उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग कर बागवानी एवं कृषि को स्वरोजगार के रूप में अपनाने की अपील की। उनका मानना है कि इससे युवा खुद आत्मनिर्भर बन सकते हैं और गांव के अन्य लोगों को भी रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं।

यह भी पढ़ें- नई टिहरी नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह पर मुकदमा दर्ज, जिपं सदस्य के पति से हुई थी मारपीट

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।