विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पूर्व सीआरपीएफ जवान ने लिव-इन संबंध से इनकार पर महिला व बच्चों पर खुखरी से किया हमला, गिरफ्तार

By Ganesh PandeyEdited By: Rahul Chauhan
Published: Fri, 20 Nov 2026 05:35 PM (IST)

काशीपुर में रुपयों के लेन-देन से शुरू हुई जान-पहचान और लिव-इन संबंध के विवाद में एक पूर्व सीआरपीएफ जवान ने महिला और उसके दो बच्चों पर खुखरी से जानलेवा हमला कर दिया। 

News Article Hero Image

HighLights

  1. पूर्व सीआरपीएफ जवान ने महिला-बच्चों पर खुखरी से हमला किया।

  2. लिव-इन संबंध से इनकार करने पर हुआ जानलेवा हमला।

  3. काशीपुर पुलिस ने आरोपित संजय कुमार को किया गिरफ्तार।

जासं, काशीपुर (ऊधम सिंह नगर)। रुपयों के लेन-देन से शुरू हुई जान-पहचान, फिर फोन पर बातचीत, फिर लिव-इन का प्रमाण पत्र। जब महिला ने साथ चलने से मना किया तो गुस्से में खुखरी से हमला। कोतवाली आईटीआई पुलिस ने हत्या के प्रयास के नामजद आरोपित संजय कुमार को गिरफ्तार कर घटना का पर्दाफाश कर दिया है।

आरोपित ने 18 नवंबर की रात खड़कपुर देवीपुरा में महिला रिंकी और उसके दो बच्चों पर जानलेवा हमला किया था। शुक्रवार को एएसपी स्वप्न किशोर सिंह ने प्रकरण का पर्दाफाश करते हुए बताया कि वादी सचिन कुमार 18 नवंबर को रात करीब नौ बजे बरेली से ट्रेन से काशीपुर पहुंचे। तभी पत्नी का फोन आया कि संजय ने उन पर हमला कर दिया है।

इसके बाद संपर्क टूट गया। सचिन के घर पहुंचने पर गेट, रैंप, बरामदे, लाबी और कमरे में खून बिखरा मिला। किरायेदारों ने बताया कि चीख-पुकार पर वे बाहर आए तो एक व्यक्ति उन्हें व दो बैगों को सीआरपीएफ लिखी कार में बैठाकर ले गया था।

पुलिस ने सीसीटीवी व सर्विलांस की मदद से तलाश की तो पत्नी और दोनों बच्चे केवीआर अस्पताल में गंभीर हालत में भर्ती मिले। उन्हें भर्ती कराने वाला संजय भी वहीं मिला।

पूछताछ में पता चला कि संजय ने घर में घुसकर साथ चलने का दबाव बनाया और मना करने पर खुखरी से महिला की गर्दन और बच्चों के मुंह, गर्दन व उंगली पर वार कर दिए।

घायलों को हायर सेंटर रेफर किया गया है। तहरीर के आधार पर 19 नवंबर को हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में प्राथमिकी हुई। बाद में आर्म्स एक्ट की धारा जोड़ी।

हमले की वजह

पुलिस के अनुसार आरोपित संजय ने वर्ष 2024 में सीआरपीएफ से वीआरएस लिया था। सचिन से उसकी जान-पहचान और रुपयों का लेन-देन था। रुपये मांगने पर सचिन ने नहीं दिए। इसके बाद संजय ने सचिन की पत्नी का मोबाइल नंबर लेकर बातचीत शुरू की और घनिष्ठता बढ़ा ली।

मई 2026 में उसने लिव-इन रिलेशनशिप का प्रमाणपत्र भी बनवा लिया। उसने अपनी पत्नी को तलाक देने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी, लेकिन रिंकी साथ आने को तैयार नहीं हुई। इसी बात पर गुस्सा बढ़ता गया।

घटना वाले दिन क्या-क्या हुआ?

पुलिस के अनुसार 18 नवंबर को दोपहर में संजय, रिंकी के घर गया, गेट बंद मिला तो लौट गया। फिर केंद्रीय विद्यालय से बच्चों को कार में बैठाकर घर ले आया। रिंकी ने फोन पर कहा कि सचिन घर पर है तो वह इंतजार करता रहा।

घर खाली होने पर जाली वाला गेट खुला देखकर अंदर घुस गया। रात करीब नौ बजे रिंकी आई तो उसे देखकर भागने लगी। संजय ने पकड़कर पीटा, बच्चों ने विरोध किया तो उसने खुखरी से तीनों पर वार कर दिए।

पुलिस ने क्या बरामद किया?

पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर केवीआर अस्पताल के बाहर खड़ी कार से घटना में प्रयुक्त खून से सनी खुखरी मय लकड़ी की म्यान, क्विड कार संख्या यूपी 12 एएस 7834, लाल रंग का बैग जिसमें पीड़िता के कपड़े व दस्तावेज और गहरे जामुनी रंग का बैग जिसमें बच्चों के कपड़े व लेडीज पर्स में रखे सफेद धातु के आभूषण बरामद किए।

यह भी पढ़ें- हाथियों का तांडव: लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर पेड़ गिरने से टूटी हाईटेंशन लाइन, 5 जगहों पर रोकनी पड़ी रेलगाड़ी

यह भी पढ़ें- सोनिया गांधी की पुस्तक पर सिख समाज का आक्रोश, काशीपुर में प्रतियां जलाईं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।