हाथियों का तांडव: लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर पेड़ गिरने से टूटी हाईटेंशन लाइन, 5 जगहों पर रोकनी पड़ी रेलगाड़ी
हाथियों द्वारा पेड़ गिराने से लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर 33 हजार केवी की विद्युत लाइन टूट गई, जिससे सोमवार को चार ...और पढ़ें

रूद्रपुर-हल्द्वानी हाइवे, फाइल फोटो। जागरण
HighLights
हाथियों ने पेड़ गिराया, 33 हजार केवी विद्युत लाइन टूटी।
लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर चार घंटे तक ट्रेनें रुकीं।
पांच ट्रेनें फंसीं, यात्रियों को हुई भारी असुविधा।
संवाद सहयोगी, लालकुआं। टांडा के जंगल में जंगली हाथियों के पेड़ तोड़ने के कारण सोमवार सुबह लालकुआं-काशीपुर रेलखंड पर चार घंटे तक ट्रेनों के पहिये थमे रहे। दरअसल पेड़ 33 हजार केवी की लाइन पर जा गिरा जिससे तार टूट गए और पांच ट्रेनें अलग-अलग जगह फंस गईं। इस दौरान यात्रियों को भारी फजीहत झेलनी पड़ी। दोपहर में लाइन दुरुस्त करने के बाद ट्रेनों का संचालन सामान्य हुआ।
सोमवार सुबह करीब 8 बजे लालकुआं से लगभग पांच किलोमीटर दूर लालकुआं-गूलरभोज रेलखंड के बीच टांडा के घने जंगल में हाथियों के झुंड ने रेलवे पटरी के किनारे खड़े एक विशालकाय पेड़ को क्षतिग्रस्त कर गिरा दिया। पेड़ की भारी टहनी 33 हजार केवी की विद्युत लाइन पर गिरने से तार टूट गए और रेल परिचालन बाधित हो गया। घटना के चलते लालकुआं से गूलरभोज जा रही यात्री ट्रेन संख्या 65301 जंगल के बीच में रुक गई। बरेली सिटी- काशीपुर डेमू स्पेशल, कासगंज-लालकुआं पैसेंजर, पाटलिपुत्र एक्सप्रेस और मुरादाबाद से लालकुआं आ रही ट्रेन को भी अलग-अलग स्थानों पर रोकना पड़ा।
एक साथ पांच ट्रेनों का संचालन प्रभावित होने से यात्रियों को घंटों इंतजार करना पड़ा। सूचना मिलते ही लालकुआं और काशीपुर से रेलवे की ट्रैक्शन डिस्ट्रीब्यूशन (टीआरडी) टीमें मौके पर पहुंचीं और विद्युत लाइन की मरम्मत शुरू की। कर्मचारियों ने करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद टूटे तारों को दुरुस्त किया। दोपहर करीब 12 बजे रेल परिचालन दोबारा शुरू हो सका और प्रभावित ट्रेनों को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।
इज्जतनगर मंडल के जनसंपर्क अधिकारी सफदर हुसैन ने बताया कि घटना के कारण यात्रियों को कुछ घंटों तक असुविधा का सामना करना पड़ा। रेलवे कर्मचारियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मरम्मत कार्य पूरा किया और दोपहर 12 बजे तक रेल परिचालन सामान्य कर दिया गया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।