काशीपुर को CM Dhami का तोहफा: 800 करोड़ की ड्रेनेज योजना मंजूर, विकास को मिलेगी गति
काशीपुर के महापौर दीपक बाली ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर 800 करोड़ रुपये की ड्रेनेज योजना की मंजूरी पर आभार व्यक्त किया।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संस जागरण, काशीपुर। क्षेत्र के विकास को गति देने के लिए महापौर दीपक बाली ने देहरादून पहुंचकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। उन्होंने काशीपुर के लिए 800 करोड़ रुपये के महत्वाकांक्षी ड्रेनेज प्लान को मंजूरी दिए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।
महापौर ने कहा कि योजना के धरातल पर उतरने से शहर की जलभराव और जल निकासी की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठेगा।
मुलाकात के दौरान महापौर ने काशीपुर से जुड़ी विभिन्न विकास योजनाओं और समस्याओं को मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और धनराशि अवमुक्त करने के संबंध में शासनादेश जारी करने के निर्देश दिए हैं।
महापौर ने 49 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एकीकृत प्रशासनिक ब्लाक और 32 करोड़ रुपये की लागत से गिरीताल झील के सौंदर्यीकरण की परियोजना को सैद्धांतिक स्वीकृति देने पर भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।
उन्होंने दोनों परियोजनाओं की वित्तीय स्वीकृति जल्द जारी करने का अनुरोध किया। साथ ही मुख्यमंत्री को ड्रेनेज प्लान, प्रशासनिक ब्लाक और गिरीताल सौंदर्यीकरण परियोजनाओं के शिलान्यास के लिए काशीपुर आने का निमंत्रण दिया।
भू-उपयोग शुल्क घटाने की मांग
महापौर ने भू-उपयोग उच्चीकरण शुल्क कम करने और काशीपुर का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग भी रखी। मुख्यमंत्री ने शुल्क कम करने का आश्वासन दिया। इसके अलावा काशीपुर बार एसोसिएशन की मांग का समर्थन करते हुए विशेष एनडीपीएस न्यायालय स्थापित करने का आग्रह किया।