आईआईएम काशीपुर में खुलेगा जेन-जी डाकघर, छात्रों को मिलेगा फ्री वाईफाई, मिनी लाइब्रेरी और कॉफी कैफे
आईआईएम काशीपुर में विद्यार्थियों के लिए जेन-जी डाकघर खोला जाएगा, जिसमें फ्री वाईफाई, मिनी लाइब्रेरी और कॉफी कैफे जैसी आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, हल्द्वानी। एमबीपीजी कालेज हल्द्वानी के बाद अब ऊधम सिंह नगर के इंडियन इंस्टिट्यूट आफ मैनेजमेंट (आईआईएम ) काशीपुर में भी जेन-जी डाकघर खोलने की तैयारी है। इस संबंध में आईआईएम के प्रबंधन ने डाक विभाग से संपर्क किया है।
जेन-जी पोस्ट आफिस में विद्यार्थियों के लिए फ्री वाईफाई, मिनी लाइब्रेरी व काफी कैफे भी खुलेगा। आईआईएम काशीपुर में 1500 विद्यार्थी पढ़ाई कर रहे हैं। कैंपस के इन विद्यार्थियों के लिए स्पीड पोस्ट, पार्सल भेजने समेत बैंकिंग की सुविधा नहीं है। डाकघर खुलने से अभ्यर्थियों को ये सभी सुविधाएं दी जाएंगी।
डाक विभाग के वरिष्ठ प्रवर अधीक्षक (एसएसपी) अमित बिष्ट ने बताया कि एमबीपीजी कालेज में विद्यार्थियों के लिए कुमाऊं का पहला जेन-जी पोस्ट आफिस खोला गया था। जिसका रिस्पांस काफी अच्छा है।
डाकघर का रंग रोगन भी जेन-जी पीढ़ी को देखते हुए किया है, जिससे युवा वर्ग आकर्षित हो और डाक विभाग की योजनाओं का लाभ ले। इसी तरह अन्य जगहों में भी इसे खोलने की तैयारी थी, जिस पर काशीपुर आईआईएम के प्रबंधन की ओर से डाक विभाग से वार्ता की गई। इस पर उन्होंने आईआईएम कैंपस में डाकघर खोलने पर हामी भरी है। कहा कि जल्द ही वहां भी जेन-जी डाकघर खोला जाएगा। एमबीपीजी कालेज की तरह ही वहां भी युवाओं के लिए सभी प्रकार की सुविधा दी जाएगी।
