केंद्रीय मंत्रियों ने खटीमा में थपथपाई धामी की पीठ, कहा, ऐसा मुख्यमंत्री सदियों में मिलता है
केंद्रीय मंत्रियों किरेन रिजिजू और जुएल ओराम ने खटीमा में आदि रंगोत्सव के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कार्यशैली और जनजातीय क्षेत्रों के विकास प्रयासों की जमकर सराहना की।
-1791133746770_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, रुद्रपुर। उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का मंच जनजातीय संस्कृति के रंगों के साथ मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कामकाज की सराहना का भी साक्षी बना। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और केंद्रीय संसदीय कार्य एवं अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने संबोधन में मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली और जनजातीय क्षेत्रों के विकास को लेकर किए जा रहे प्रयासों की खुलकर प्रशंसा की।
दोनों केंद्रीय मंत्रियों के संबोधन में धामी के नेतृत्व और केंद्र-राज्य के समन्वय की झलक दिखाई दी। केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने खटीमा के एकलव्य माडल आवासीय विद्यालय का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री धामी को धन्यवाद दिया।
उन्होंने कहा कि विद्यालय ने शत-प्रतिशत परिणाम देकर अपनी गुणवत्ता साबित की है। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों की समस्याओं के समाधान में केंद्र सरकार की ओर से पूरा सहयोग देने का भरोसा भी दिलाया। कहा कि क्षेत्र की जनजातियों से जुड़ी जो भी समस्याएं राज्य सरकार उनके सामने रखेगी, उनके समाधान के लिए वह पूरा प्रयास करेंगे।
केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने मुख्यमंत्री धामी की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह बेहद सरल और विनम्र व्यक्तित्व के व्यक्ति हैं। उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदाओं और दूसरी चुनौतियों के समय उन्होंने जिस तरह परिस्थितियों को संभाला है, वह उनकी कार्यक्षमता को दर्शाता है।
उन्होंने मंच से कहा कि ऐसा मुख्यमंत्री, ऐसा जनसेवा करने वाला सदियों में मिलता है, बार-बार ऐसा नहीं मिलता। रिजिजू ने कहा कि वह पिछले महीने भी उत्तराखंड आए थे और इतने कम अंतराल में दोबारा आने का कार्यक्रम था। मुख्यमंत्री धामी ने आदि रंगोत्सव में आने का आग्रह किया तो अन्य व्यस्तताओं के बावजूद वह खटीमा पहुंचे। उन्होंने आयोजन की भव्यता के लिए भी मुख्यमंत्री को बधाई दी।
धामी के आग्रह पर घोषणाओं की पैरवी का भरोसा
रिजिजू ने जनजातीय विकास से जुड़े विषयों पर केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम की ओर से मंच पर दिए गए आश्वासनों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि यहां जो वादे किए गए हैं, उन्हें पूरा कराने के लिए वह केंद्रीय स्तर पर लगातार पैरवी करेंगे।
उन्होंने मजाकिया अंदाज में यहां तक कहा कि हर सप्ताह होने वाली कैबिनेट बैठक में वह जुएल ओराम को इसकी याद दिलाते रहेंगे। आदि रंगोत्सव के मंच से दो वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों की ओर से मुख्यमंत्री धामी की कार्यशैली की सराहना ने आयोजन को सांस्कृतिक उत्सव के साथ राजनीतिक रूप से भी खास बना दिया।
