उत्तराखंड के रुद्रपुर में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का उद्घाटन, ब्रीडर बीज की खरीद पर मिल रही 15 प्रतिशत छूट
गोविंद बल्लभ पंत कृषि विश्वविद्यालय में 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का उद्घाटन राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह ने किया। ...और पढ़ें

HighLights
राज्यपाल गुरमीत सिंह ने 120वें अखिल भारतीय किसान मेले का उद्घाटन किया
किसानों को ब्रीडर बीज की खरीद पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी
पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में कृषि तकनीक और उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई
संसू, पंतनगर। गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय में आज से 120वें अखिल भारतीय किसान मेले एवं कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आगाज हो गया। छह अक्टूबर तक चलने वाले मेले का उद्घाटन उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने किया। कृषि, कृषि शिक्षा एवं कृषि विपणन मंत्री गणेश जोशी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद राज्यपाल कुलपति डा. शिवेंद्र कुमार कश्यप के साथ मेला परिसर का भ्रमण करेंगे। करीब आधे घंटे के भ्रमण के बाद गांधी हाल में आयोजित कार्यक्रम में किसानों को संबोधित करेंगे। इस दौरान प्रगतिशील किसानों को सम्मानित करने के साथ पुरस्कार वितरण किया जाएगा। विश्वविद्यालय के विभिन्न साहित्य का विमोचन भी होगा।
इस बार किसान मेले में किसानों के लिए बीज से लेकर कृषि तकनीक और विभिन्न कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। मेले में बड़ी संख्या में किसानों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने यातायात, पार्किंग, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता दी है।
किसानों को बीज पर 15 प्रतिशत छूट
इस बार किसान मेले में किसानों को ब्रीडर बीज की खरीद पर 15 प्रतिशत की छूट मिलेगी। सामान्य तौर पर यह छूट 10 प्रतिशत रहती है। गुणवत्तापूर्ण बीज किसानों को कम दरों पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय ने छूट में पांच प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। इससे किसानों को उन्नत बीज खरीदने में अतिरिक्त लाभ मिलेगा।
वन-वे रहेगी यातायात व्यवस्था
मेले के दौरान यातायात व्यवस्था वन-वे रहेगी। फूलबाग और नगला गेट से आने वाले वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थलों पर व्यवस्था की गई है। सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा गार्ड तैनात रहेंगे। समेटी और हरेला गार्डन गेट पर यातायात संचालन के लिए भी सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है।
