ऊधम सिंह नगर के बाजपुर में छात्रा की संदिग्ध मौत, घर में पंखे से लटका मिला शव
बाजपुर में कक्षा आठ की 15 वर्षीय छात्रा बबीता राय की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह घर में ...और पढ़ें
-1791137311743_m.webp)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, जागरण ऊधम सिंह नगर। फौजी कालोनी रानीनागल निवासी कक्षा आठ की 15 वर्षीय छात्रा की रविवार सायं संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। किशोरी का शव घर के अंदर पंखे से लटका मिला। घटना के समय वह घर पर अकेली थी।
स्वजन उसे आनन-फानन में निजी अस्पताल ले गए, जहां से चिकित्सकों की सलाह पर उसे उपजिला चिकित्सालय बाजपुर पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार फौजी कालोनी रानीनागल निवासी मिंटू राय की 15 वर्षीय पुत्री बबीता राय बाजपुर के एक निजी विद्यालय में कक्षा आठ की छात्रा थी। रविवार को परिवार के अन्य सदस्य मजदूरी करने के लिए घर से बाहर गए हुए थे।
बबीता घर पर अकेली थी, जबकि उसका 12 वर्षीय छोटा भाई उदय राय घर के पास ही खेल रहा था। बताया गया कि रविवार सायं करीब छह बजे पिता मिंटू राय घर पहुंचे। दरवाजा बंद होने पर उन्होंने उसे खोला तो अंदर बेटी को पंखे से लटका देख उनके होश उड़ गए।
उन्होंने तत्काल स्वजन की मदद से किशोरी को नीचे उतारा और उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सकों ने उसकी हालत देखते हुए दूसरे अस्पताल ले जाने की सलाह दी।
इसके बाद स्वजन देर रात करीब 9 बजे उसे उपजिला चिकित्सालय बाजपुर लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने शव मोर्चरी में रखवाया
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस उपजिला चिकित्सालय पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया। पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह पंचनामा भरने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा। किशोरी की मौत के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
परिवार में मचा कोहराम
बेटी की अचानक हुई मौत से माता-पिता और अन्य स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन के अनुसार बबीता हंसमुख स्वभाव की थी। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। किशोरी अपने पीछे माता-पिता और 12 वर्षीय छोटे भाई को छोड़ गई है।
