विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ऊधम सिंह नगर: ड्रम सफाई के दौरान महिला श्रमिक की मौत, तीन गंभीर

Published: Wed, 30 Sep 2026 10:59 PM (IST)

ऊधम सिंह नगर के कालाढूंगी में एक कंपनी में ड्रम सफाई के दौरान चार महिला श्रमिकों की तबीयत बिगड़ गई, ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सहयोगी, जागरण ऊधम सिंह नगर। नया गांव कालाढूंगी स्थित एक कंपनी में ड्रम की सफाई के दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में चार श्रमिक महिलाओं की हालत बिगड़ गई।

उपचार के दौरान बुधवार देर शाम एक महिला की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य महिलाओं का हायर सेंटर में उपचार चल रहा है। स्वजन ने केमिकल युक्त खाली ड्रमों की सफाई के दौरान रिएक्शन होने से हादसा होने का आरोप लगाया है।

मामले की मौखिक सूचना बरहैनी चौकी पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई की बात कही है। नया गांव कालाढूंगी स्थित एक फैक्ट्री में प्लास्टिक के ड्रमों से दाना बनाने का काम किया जाता है।

बताया गया कि इसके लिए बाहर से खाली ड्रम खरीदकर लाए जाते हैं। बरहैनी क्षेत्र की कई महिलाएं यहां मजदूरी करती हैं। बरहैनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा के अनुसार, बीते शनिवार को चार महिलाओं को ड्रमों की सफाई के काम में लगाया गया था।

इसी दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ गई। बताया गया कि बीते शनिवार को 52 वर्षीय फूलवती पत्नी उमराव, 55 वर्षीय जखीरन पत्नी मेंहदी हसन, 35 वर्षीय तराना पत्नी सत्तार तथा 40 वर्षीय फरीदन बेगम पत्नी जाहिद ड्रम धोने के काम में लगी थीं।

काम के दौरान तबीयत खराब होने पर चारों महिलाएं अपने-अपने घर पहुंचीं। इसके बाद स्वजन उन्हें उपचार के लिए नगर के निजी अस्पताल ले गए। उपचार के दौरान फूलवती की बुधवार देर शाम मौत हो गई।

वहीं तीन अन्य महिलाओं को स्वजन ने पहले सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उनकी हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया। तीनों का उपचार जारी है।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप

बरहैनी ग्राम प्रधान प्रतिनिधि नरेंद्र शर्मा ने आरोप लगाया कि कंपनी में सुरक्षा मानकों का पालन किए बिना केमिकल लगे खाली ड्रमों की सफाई का कार्य श्रमिक महिलाओं से कराया जा रहा था।

इसी दौरान केमिकल रिएक्शन के कारण महिलाओं की तबीयत बिगड़ने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।

उन्होंने बताया कि घटना की मौखिक सूचना बरहैनी चौकी पुलिस को दे दी गई है। मृतका का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। साथ ही कंपनी संचालक के विरुद्ध तहरीर देने की तैयारी है।

फूलवती की मौत की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया। बताया गया कि मृतका के एक पुत्र और एक पुत्री हैं तथा दोनों विवाहित हैं। कोतवाल नरेश चौहान ने बताया कि घटना की मौखिक सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जानकारी जुटाई जा रही है।

यह भी पढ़ें- नामकरण संस्कार में जा रहे ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म निवासी तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत, बच्ची की हालत गंभीर

यह भी पढ़ें- MBBS प्रवेश के लिए फर्जी प्रमाण-पत्र मामला, ऊधम सिंह नगर के गदरपुर में दो युवक पुलिस हिरासत में