नामकरण संस्कार में जा रहे ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म निवासी तीन लोगों की सड़क हादसे में मौत, बच्ची की हालत गंभीर
ऊधम सिंह नगर के शक्तिफार्म से पूरनपुर जा रही एक कार की पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंपर से टक्कर हो ...और पढ़ें
-1790599547466_m.webp)
HighLights
शक्तिफार्म से पूरनपुर जा रही कार की डंपर से टक्कर।
हादसे में तारक मंडल, शेफाली राय और साधना की मृत्यु।
साधना की बेटी खुशबू गंभीर घायल, शक्तिफार्म में शोक।
जागरण संवाददाता, ऊधम सिंह नगर। नामकरण संस्कार में शामिल होने पूरनपुर क्षेत्र जा रहे शक्तिफार्म के तीन परिवारों के पांच सदस्यों की कार की सोमवार को पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर डंपर से आमने-सामने भिड़ंत हो गई।
हादसे में दो महिलाओं समेत तीन लोगों की मृत्यु हो गई, जबकि एक बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना मिलते ही शक्तिफार्म क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

नगर पंचायत शक्तिफार्म के शिव मंदिर वार्ड नंबर तीन निवासी तारक मंडल (35) पुत्र निताई मंडल अपने पड़ोसी शेफाली राय (65) पत्नी स्व. दुलाल राय और देवनगर निवासी रिश्तेदार साधना (35) पत्नी सनातन गाईन, साधना के पुत्र शांतनु तथा पुत्री खुशबू के साथ कार से पूरनपुर क्षेत्र जा रहे थे।
सभी तारक मंडल के रिश्तेदार के यहां आयोजित नामकरण संस्कार में शामिल होने के लिए निकले थे। बताया जा रहा है कि कार तारक मंडल चला रहे थे। बताया जा रहा है कि पीलीभीत-बस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर पूरनपुर कोतवाली क्षेत्र में सामने से आ रहे डंपर से कार की जोरदार भिड़ंत हो गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तारक मंडल, शेफाली राय और साधना की मृत्यु हो गई। वहीं साधना की पुत्री खुशबू की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों और घायलों के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए।
तारक था माता-पिता का इकलौता पुत्र
हादसे में जान गंवाने वाले तारक मंडल अपने माता-पिता के इकलौते पुत्र थे। बताया गया कि उनके माता-पिता की करीब डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। तारक गौ रक्षा दल से भी जुड़े हुए थे। उनकी मृत्यु की सूचना से परिवार और परिचितों में शोक व्याप्त है।

नौ वर्ष पहले हुई थी शेफाली के पति की मृत्यु
शेफाली राय के पति दुलाल राय की भी करीब नौ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी थी। उनके परिवार में अब उनका एक पुत्र है। शेफाली की मृत्यु की सूचना मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।
साधना के परिवार पर भी टूटा दुखों का पहाड़
हादसे में मृत्यु का शिकार हुई साधना के परिवार में पति सनातन गाईन और दो बच्चे शांतनु व खुशबू हैं। दुर्घटना की सूचना मिलने पर पति सनातन मौके पर पहुंच गए।
पुत्री खुशबू की हालत गंभीर होने के कारण परिवार की चिंता और बढ़ गई है। हादसे की खबर मिलने के बाद अन्य मृतकों के स्वजन भी मौके पर पहुंच गए। एक ही हादसे में शक्तिफार्म क्षेत्र के तीन लोगों की मृत्यु की सूचना से क्षेत्र में शोक की लहर है। लोगों ने घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
