खटीमा में चांद दिखते ही चेहरे पर बिखरी मुस्कान
खटीमा में व्रती महिलाओं को चांद के दीदार के लिए काफी इंतजार करना पड़ा।
संवाद सहयोगी, खटीमा : व्रती महिलाओं को चांद के दीदार के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। सुहागिनों की सब्र की परीक्षा लेते हुए सीमांत में चांद ने रात 8:10 मिनट पर दर्शन दिए। पर्व को लेकर महिलाओं में खासा उत्साह रहा। छतों पर खड़ी होकर महिलाएं चांद के निकलने का इंतजार करती रहीं। चांद का दीदार होते ही उनके चेहरे पर चमक बिखर गई। इसके बाद महिलाओं ने पूजा अर्चना कर पति के हाथों से पानी पीने के बाद व्रत तोड़ा। इससे पूर्व मंगलकामना के साथ करवा चौथ की पूजा की गई। पीलीभीत रोड निवासी नीता सक्सेना व हेमा सनवाल का कहना था कि इस बार चांद ने खूब इंतजार कराया। चकरपुर की सरोज वर्मा का भी मानना था कि इस बार चांद देर से निकला, लेकिन उत्साह में कोई कमी नहीं आई। उन्होंने बताया कि पति की दीर्घायु के लिए रखे जाने वाले इस व्रत में भूख-प्यास का अहसास ही नहीं होता है।
---
बाजपुर में सामूहिक पूजा में दिखी श्रद्धा संस, बाजपुर : क्षेत्र में अनेक स्थानों पर महिलाओं ने सामूहिक रूप से पूजन कर करवा चौथ की कथा सुनी। मोहल्ला आलापुर स्थित माडर्न पब्लिक स्कूल में पं.मूल शंकर शास्त्री ने विधि-विधान से सामूहिक पूजन करवाया तथा सुहागिन महिलाओं को कथा सुनाई। महिलाओं ने पति की दीर्घायु की कामना ही। नगर के मंदिरों व मोहल्लों में भी सामूहिक पूजन किया गया। देर सायं चांद के दीदार होते ही महिलाओं ने चंद्रमा को जल धारा अर्पित कर व्रत का पारायण किया। इस मौके पर निशि लखनपाल, नेहा शर्मा, सपना शर्मा, अंशु शर्मा, सपना जिदल, किरन सूरी, विनीता चौहान, सिमरन शर्मा, कालंदी तिवारी, सौम्या तिवारी आदि मौजूद थी।