Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Uttarakhand Nikay Chunav Result: निर्दलीयों का दबदबा, यहां भाजपा को मिली हार; गजा में अध्यक्ष भी निर्दलीय जीते

    By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
    Updated: Sat, 25 Jan 2025 05:45 PM (IST)

    नई टिहरी में नगरपालिका देवप्रयाग के सभी चार वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने जीत हासिल की। भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को हार का सामना करना पड़ा जबकि अध्यक्ष पद पर भाजपा उम्मीदवार पहले ही निर्विरोध जीत चुकी थीं। नगर पंचायत गजा में भी निर्दलीय प्रत्याशियों का दबदबा रहा। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय कुंवर सिंह चौहान ने भाजपा के राजेंद्र सिंह खाती को 156 मतों से हराया।

    Hero Image
    उत्तराखंड निकाय चुनाव परिणाम - जागरण ग्राफिक्स

    जागरण संवाददाता, नई टिहरी। नगरपालिका देवप्रयाग के चारों वार्डों में निर्दलीय सभासदों ने विजय हासिल की। दो वार्डों में भाजपा समर्थित उम्मीदवारों को कड़ी हार झेलनी पड़ी। जबकि पालिका में अध्यक्ष पद पर भाजपा की उम्मीदवार पहले से ही निर्विरोध जीत दर्ज कर चुकी है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    पालिका के वार्ड संख्या एक में भाजपा से पूर्व निष्कासित निर्दलीय राहुल कोटियाल ने 331 मत पाकर जीत हासिल की। भाजपा के विद्यार्थी पालीवाल यहां तीसरे स्थान पर रहे। राहुल कोटियाल पूर्व पालिका अध्यक्ष कृष्णकांत व शुभांगी कोटियाल के बेटे हैं।

    वहीं वार्ड संख्या दो से निर्दलीय संगीता ध्यानी 192 मत हासिल कर दूसरी बार सभासद चुनी गईं। उन्होंने मीना ध्यानी को पराजित किया। वार्ड संख्या तीन से सुनीता तिवारी ने 200 मत लाकर भाजपा की शुचिता असवाल को हराया। वहीं पौड़ी जिले में पड़ने वाले वार्ड संख्या चार में विमल मिश्रा ने 249 मत हासिल कर दिनेश टोडरिया को पराजित किया है।

    गजा में अध्यक्ष सहित सभासद पदों पर भी निर्दलीयों का दबदबा

    नगर पंचायत गजा में अध्यक्ष सहित चारों सभासद पदों पर निर्दलीय प्रत्याशियों ने बाजी मारी है। अध्यक्ष पद पर निर्दलीय प्रत्याशी कुंवर सिंह चौहान ने भाजपा के राजेंद्र सिंह खाती को 156 मतों के अंतर से हराया। भाजपा अपनी अध्यक्ष पद की सीट बरकरार रखने में नाकामयाब रही।

    वहीं, चारों सभासद पदों पर भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने ही जीत दर्ज की है। नगर पंचायत गजा में कुल 2,607 मतदाता व चार वार्ड हैं। इससे पूर्व के पंचायत में अध्यक्ष पद पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। वहीं चार सभासदों में एक-एक भाजपा-कांग्रेस और दो सीटों पर निर्दलीय प्रत्याशियों जीते थे।

    इस बार अध्यक्ष पद पर भाजपा के राजेंद्र सिंह खाती और निर्दलीय प्रत्याशी कुंवर सिंह चौहान की आमने-सामने की कड़ी टक्कर थी, जिसमें कुंवर सिंह चौहान भाजपा से अध्यक्ष पद की सीट छीनने मे सफल रहे। कुंवर सिंह चौहान को कुल 1,077 मत व भाजपा के राजेंद्र सिंह खाती को कुल 921 मत मिले। निर्दलीय प्रत्याशी कुंवर सिंह चौहान 156 मतों के अंतर से जीते हैं।

    वहीं, सभासदों में वार्ड संख्या एक में निर्दलीय प्रत्याशी राजेंद्र सिंह चौहान ने भाजपा के हुकम सिंह को 65 मतों, वार्ड संख्या दो में निर्दलीय प्रत्याशी जसवंत सिंह चौहान ने भाजपा के आशीष चौहान को एक मत, वार्ड संख्या तीन में निर्दलीय रंजना चौहान ने भाजपा की नेहा खाती को 32 मतों, वार्ड संख्या चार में निर्दलीय प्रत्याशी जमुना देवी ने भाजपा की सीमा को 36 मतों से परास्त किया है। रोचक बात यह है कि अध्यक्ष और चारों सभासदों का चुनाव निशान गैस सिलिंडर था। इन सिलिंडरों के आगे भाजपा अपना कमल नहीं खिला सकी। फोटो - कुंवर सिंह चौहान, अध्यक्ष, नगर पंचायत गजा।