टिहरी गढ़वाल में पालिका अध्यक्ष और जिपं सदस्य पति के बीच विवाद, मारपीट के आरोप
नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत के बीच विवाद हुआ। दोनों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी है, जिसकी जांच जारी है।
HighLights
पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जयेंद्र रावत के बीच विवाद।
दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया।
पुलिस ने दोनों की तहरीर पर मामले की जांच शुरू की।
जागरण संवाददाता, नई टिहरी। बीती रात नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत और जिला पंचायत सदस्य दर्शनी रावत के पति जयेंद्र रावत के बीच किसी बात पर बहस और विवाद हो गया।
दोनों पक्षों ने कोतवाली में एक दूसरे के खिलाफ गाली गलौज और मारपीट की तहरीर दी है। नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने बताया कि जयेंद्र रावत ने नगर पालिका के उनसे पहले के कार्यकाल में कुछ कार्य किया था जिसका अभी तक भुगतान नहीं हुआ है।
उसके भुगतान के लिये जयेंद्र रावत काफी समय से उनपर दबाव बना रहे थे। लेकिन उसमें वित्तीय अनियमितता की बात सामने आई थी और वह फाइल शासन भेजी गई है। इसी बात की रंजिश से जयेंद्र रावत ने उनके साथ अभद्रता की।
इस दौरान वह अचानक नीचे गिर गये जिससे उन्हें नाक में चोट लगी है। वहीं इस मामले में जयेंद्र रावत ने बताया कि वह काफी समय से नगर पालिका में खड़े कूड़ा वाहनों के मामले को उठा रहे थे।
साथ ही नगर पालिका में भ्रष्टाचार के मामले भी उठा रहे थे। जिस कारण अध्यक्ष मोहन सिंह रावत व उनके साथियों ने उनके साथ मारपीट की। इस मामले में कोतवाली में तहरीर दी गई है। कोतवाली निरीक्षक ऐश्वर्य पाल ने बताया कि दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर आई है। मामले की जांच की जा रही है।