वीकेंड पर पर्यटकों से गुलजार उत्तराखंड के हिल स्टेशन, धनोल्टी में पर्यटकों की भीड़; लगा लंबा जाम
धनोल्टी में वीकेंड और गर्मी की छुट्टियों के चलते पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ी जिससे सड़कों पर लंबा जाम लग गया। हरे-भरे जंगलों से घिरे इस पर्यटन स्थल पर पर्यटकों की चहल-पहल से स्थानीय व्यापारियों के चेहरे खिल उठे। पुलिस ने यातायात व्यवस्था को सुचारू करने के लिए अतिरिक्त बल तैनात किया है और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

संवाद सूत्र, चंबा। रविवार को धनोल्टी पर्यटकों से गुलजार रहा। वीकेंड और गर्मियों की छुटियों के चलते भारी संख्या में पर्यटको के पहुंचने से सड़कों पर आधा से एक घंटे का जाम लग रहा है। पर्यटकों के आने से होटल व्यवसायी व व्यापारियों के चहरे खिले हैं।
गर्मियों की छुट्टियां पड़ते ही पर्यटकों ने पर्यटन स्थल धनोल्टी की ओर रुख करना शुरू कर दिया है। शनिवार को बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचे। जिस कारण इस पर्यटक स्थल पर जाम भी लगा रहा। हरे-भरे देवदार, बाज, बुरांस के जंगलों से घिरा धनोल्टी पर्यटकों को खूब पसंद आ रहा है।
पर्यटकों की भीड़ से धनोल्टी में काफी चहल-पहल दिखाई दी। स्थानीय व्यवसायी कुलदीप नेगी, परवीन सकलानी व शुभम रमोला का कहना है कि पर्यटकों के लगातार आने से धनोल्टी, कद्दूखाल, सुरकंडा मंदिर व काणाताल के होटल, काटेज, रेस्तरां, ठेली लगाने वालों व दुकानदारों का व्यवसाय अच्छा चल रहा है।
उन्होंने बताया कि शनिवार व रविवार के दिन इको पार्क धनोल्टी घूमने और सुरकंडा माता के दर्शन के लिए ढाई से तीन हजार पर्यटक प्रतिदिन आए हैं। भारी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से जाम की स्थिति का भी सामना करना पड़ता है। उनका कहना है कि इससे स्थानीय व्यापारियों का कारोबार भी अच्छा चल रहा है।
चंबा थानाध्यक्ष लखपत सिंह बुटोला का कहना है कि धनोल्टी, कद्दूखाल में ट्रैफिक व्यवस्था के लिए अतिरिक्त पुलिस बल लगाया गया है। साथ लोग वाहनों को सड़कों पर आड़े-तिरछे खड़े कर नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। जिनका चालान काटा जा रहा है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।