विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

श्रीनगर गढ़वाल में दीपावली के बाद वायु प्रदूषण में भारी वृद्धि AQI 344 पहुंचा

By Vinay BahugunaEdited By: Rahul Chauhan
Published: Mon, 09 Nov 2026 04:10 PM (GMT+05:30)

दीपावली के आसपास श्रीनगर गढ़वाल घाटी में वायु प्रदूषण 305% बढ़कर 344 AQI तक पहुंच गया। एक विश्वविद्यालय अध्ययन ने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर

प्रतीकात्मक तस्वीर

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। दीपावली के आसपास- श्रीनगर गढ़वाल घाटी की आबोहवा में प्रदूषण का स्तर तेजी से बढ़ा है। महज छह दिनों में वायु गुणवत्ता सूचकांक 85 से बढ़कर 344 तक पहुंच गया। इस दौरान ढाई माइक्रोमीटर या इससे छोटे कणों के औसत स्तर में 248 प्रतिशत और एक माइक्रोमीटर या इससे छोटे कणों में 284 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

नौ नवंबर को वायु गुणवत्ता में आई यह गिरावट पर्वतीय घाटी में बढ़ते कणीय प्रदूषण की गंभीर तस्वीर पेश करती है। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय की हिमालयी वायुमंडलीय एवं अंतरिक्ष भौतिकी अनुसंधान प्रयोगशाला में डॉ. आलोक सागर गौतम के नेतृत्व में शोधार्थी अमनदीप विश्वकर्मा और सरस्वती रावत वायु गुणवत्ता एवं मौसम संबंधी आंकड़ों का लगातार अध्ययन कर रहे हैं।

शोध टीम ने 4 से 8 व 9 नवंबर 2026 तक उपलब्ध आंकड़ों का प्रारंभिक विश्लेषण किया। 9 नवंबर को सुबह 11 बजे तक के आंकड़ों के आधार पर प्रदूषण में उल्लेखनीय वृद्धि सामने आई है। अध्ययन के अनुसार, चार नवंबर को गढ़वाल घाटी का वायु गुणवत्ता सूचकांक 85 दर्ज किया गया था।

पांच नवंबर को यह 89, छह नवंबर को 147, सात नवंबर को 130 और आठ नवंबर को 162 रहा। वहीं नौ नवंबर को इसमें अचानक उछाल आया और यह 344 तक पहुंच गया। इस तरह छह दिनों में सूचकांक में लगभग 305 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। अध्ययन अवधि में न्यूनतम सूचकांक 85 और अधिकतम 344 रहा।

कणीय प्रदूषण के आंकड़े भी चिंताजनक हैं। दस माइक्रोमीटर या इससे छोटे कणों का औसत स्तर चार नवंबर को 70.97 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो नौ नवंबर को बढ़कर 219.87 हो गया। इसमें लगभग 210 प्रतिशत की वृद्धि हुई। नौ नवंबर को इन कणों का अधिकतम स्तर 539.50 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

इसी तरह ढाई माइक्रोमीटर या इससे छोटे कणों का औसत स्तर 51.11 से बढ़कर 177.64 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। इसमें लगभग 248 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इनका अधिकतम स्तर 447.28 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

वहीं एक माइक्रोमीटर या इससे छोटे कणों का औसत स्तर 18.69 से बढ़कर 71.83 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया। इसमें लगभग 284 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इनका अधिकतम स्तर 192.40 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया।

शोध के दौरान गैसीय प्रदूषकों के स्तर में भी वृद्धि दर्ज की गई। नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का औसत स्तर 1.89 से बढ़कर 4.58 अरबवें भाग हो गया। इसमें लगभग 142 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

नाइट्रोजन के ऑक्साइड का औसत स्तर 4.23 से बढ़कर 7.18 अरबवें भाग पहुंच गया, जो लगभग 70 प्रतिशत अधिक है। वहीं अमोनिया का औसत स्तर 9.21 से बढ़कर 27.88 अरबवें भाग हो गया। इसमें लगभग 203 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई।

पटाखों के साथ मौसम भी प्रदूषण का कारक

शोध टीम के अनुसार, दीपावली के दौरान पटाखों से निकलने वाला धुआं और उनसे उत्पन्न सूक्ष्म व अति सूक्ष्म कण प्रदूषण बढ़ने के संभावित कारण हो सकते हैं। हालांकि, उपलब्ध आंकड़ों के आधार पर प्रदूषण में हुई पूरी वृद्धि के लिए केवल पटाखों को जिम्मेदार ठहराना वैज्ञानिक रूप से उचित नहीं होगा।

स्थानीय वाहनों की आवाजाही, घरेलू एवं अन्य दहन गतिविधियां, आसपास के क्षेत्रों से प्रदूषकों का परिवहन और घाटी की भौगोलिक परिस्थितियां भी इसमें भूमिका निभा सकती हैं।

हिमालयी घाटियों में प्रदूषकों का फैलाव हवा की गति, दिशा, तापमान, सापेक्ष आर्द्रता और वायुमंडलीय स्थिरता पर निर्भर करता है। शांत हवाओं, कम तापमान और सीमित वायुमंडलीय मिश्रण की स्थिति में प्रदूषक घाटी में जमा हो सकते हैं। वहीं दिन में सूर्य की गर्मी से वायुमंडलीय मिश्रण बढ़ने पर इनके फैलाव में मदद मिलती है।

हवा और बारिश से मिल सकती है राहत

शोध टीम के अनुसार, गढ़वाल घाटी में बढ़े प्रदूषण से राहत मिलने की समय-सीमा आगामी मौसम पर निर्भर करेगी। यदि हवा की गति बढ़ती है और वायुमंडल में प्रभावी मिश्रण होता है तो कुछ घंटों से लेकर एक-दो दिनों में कणीय प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आ सकती है।

प्रभावी वर्षा होने पर भी वायुमंडल में मौजूद प्रदूषक कण नीचे आकर हट सकते हैं। हालांकि, हवा की गति कम रहने और वायुमंडलीय स्थिरता बनी रहने पर प्रदूषक लंबे समय तक घाटी में जमा रह सकते हैं। ऐसे में रात और सुबह के समय वायु गुणवत्ता अधिक खराब रहने की आशंका है।

बच्चों और बुजुर्गों के लिए अधिक चिंता

ढाई माइक्रोमीटर और एक माइक्रोमीटर या इससे छोटे कण स्वास्थ्य के लिए विशेष रूप से हानिकारक हैं। इनके छोटे आकार के कारण ये श्वसन तंत्र में गहराई तक प्रवेश कर सकते हैं। नौ नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 344 तक पहुंचना वायु गुणवत्ता में गंभीर गिरावट का संकेत है।

ऐसे में बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी समस्याओं से प्रभावित लोगों को विशेष सावधानी बरतने तथा प्रदूषित हवा के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी गई है। शोध टीम का कहना है कि पर्वतीय क्षेत्रों में त्योहारों के दौरान होने वाले अल्पकालिक प्रदूषण की वैज्ञानिक समझ विकसित करने के लिए निरंतर निगरानी जरूरी है।

डॉ. आलोक सागर गौतम के नेतृत्व में अमनदीप विश्वकर्मा और सरस्वती रावत द्वारा किए जा रहे अध्ययन से प्रदूषण के संभावित स्रोतों, मौसम की भूमिका और हिमालयी घाटियों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन की रणनीति तैयार करने में मदद मिल सकती है।

अध्ययन के प्रमुख आंकड़े

अध्ययन अवधि : 4 से 9 नवंबर 2026
आंकड़ों का अंतिम समय : 9 नवंबर सुबह 11 बजे तक
न्यूनतम वायु गुणवत्ता सूचकांक : 85 (4 नवंबर)
अधिकतम वायु गुणवत्ता सूचकांक : 344 (9 नवंबर)
दस माइक्रोमीटर तक के कणों में औसत वृद्धि : 210 प्रतिशत
ढाई माइक्रोमीटर तक के कणों में औसत वृद्धि : 248 प्रतिशत
एक माइक्रोमीटर तक के कणों में औसत वृद्धि : 284 प्रतिशत
नाइट्रोजन डाइऑक्साइड में वृद्धि : 142 प्रतिशत
नाइट्रोजन के ऑक्साइड में वृद्धि : 70 प्रतिशत
अमोनिया में वृद्धि : 203 प्रतिशत

यह भी पढ़ें- आजादी के 79 साल बाद भी टिहरी गढ़वाल के गवाणा गांव में नहीं पहुंची सड़क, लेकिन जीवंत है लोक संस्कृति

यह भी पढ़ें- गढ़वाल का वो नृत्य जब पूरा गांव बन जाता है देसी डांस फ्लोर, बिना DJ और म्यूजिक सिस्टम के यूं जमती है महफिल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।