टिहरी झील में जोरआजमाइश करेंगी थल-जल और वायुसेना, पहली बार दमखम दिखाएंगे कयाकिंग और कैनाइंग के खिलाड़ी
टिहरी झील में 16 नवंबर से तीनों सेनाओं के कयाकिंग और कैनाइंग खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिए ट्रायल देंगे।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
अनुराग उनियाल, नई टिहरी। 16 नवंबर से टिहरी बांध की झील में देश की तीनों सेनाओं के कयाकिंग और कैनाइंग के खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम में जगह बनाने के लिये जोरआजमाइश करते नजर आयेंगे। नेशनल गेम्स के लिये 16 से 18 नवंबर तक ट्रायल चलेगा। जिसके बाद सर्विसेज की राष्ट्रीय टीम चुनी जायेगी।
टिहरी झील पर्यटन के साथ- साथ अब साहसिक खेलों में भी अपनी अलग पहचान बना रही है। अभी तक टिहरी झील में वाटर स्पोर्टस की राष्ट्रीय प्रतियोगितायें ही आयोजित की जाती थी। लेकिन अब पहली बार कयाकिंग और कैनाइंग की राष्ट्रीय टीम का ट्रायल भी टिहरी बांध की झील में ही होगा।
पहली बार कयाकिंग और कैनाइंग के ट्रायल
टिहरी बांध के कोटेश्वर में स्थित कयाकिंग और कैनाइंग हाई परफार्मेंस एकेडमी में देश के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी अभ्यास करते हैं। इस बार पहली बार कयाकिंग और कैनाइंग के ट्रायल आयोजित किये जा रहे हैं। थल सेना, जल सेना और वायु सेना के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी यहां 16, 17 और 18 नवंबर को ट्रायल में प्रतिभाग करेंगे। जिसके बाद राष्ट्रीय खेलों के लिये सर्विसेज की टीम चुनी जायेगी।
इससे पहले मध्यप्रदेश में ही राष्ट्रीय टीम के लिये चयन ट्रायल होता था। लेकिन इस बार टिहरी झील में यह ट्रायल हो रहा है। उत्तराखंड के कोच मुकेश शर्मा ने बताया कि राष्ट्रीय खेल मार्च 2027 में मेघालय में प्रस्तावित हैं।
16 से 18 नवंबर तक सर्विसेज की टीम का चयन ट्रायल कोटेश्वर एकेडमी में आयोजित होगा। ट्रायल के बाद राष्ट्रीय खेलों के लिये सर्विसेज की टीम का चयन किया जायेगा। - डा. सुमंत एस कुलश्रेष्ठ, निदेशक, कयाकिंग और कैनाइंग हाई परफार्मेंस एकेडमी कोटेश्वर
कोटेश्वर में बनेगा ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर
कोटेश्वर स्थित कयाकिंग और कैनाइंग हाई परफार्मेंस एकेडमी में ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर बनाने की कवायद भी चल रही है। खेला इंडिया के तहत यहां पर केंद्र सरकार की टीम आकर निरीक्षण भी कर चुकी है, और संभवत अगले वर्ष तक कोटेश्वर में ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर भी खोल दिया जाये।
अगर ऐसा होता है तो यहां पर ओलंपिक के लिये भी खिलाड़ी तैयार किये जायेंगे। जिससे अंतराष्ट्रीय स्तर पर भी टिहरी झील की एक अलग पहचान बनेगी। साथ ही यहां पर विदेशी खिलाड़ी भी प्रशिक्षण लेने आ सकेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।