उत्तराखंड: यमुना नदी में गिरी कार, दो परिवार के पांच लोगों की मौत; दो घायल
टिहरी जिले के नैनबाग में थीलाशो पुल के पास एक कार खाई में गिरने से दो परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई जबकि दो लोग गंभीर घायल हो गए हैं। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
देहरादून, जेएनएन। देहरादून से लाखामंडल जा रही मारुति कार दिल्ली- यमुनोत्री हाईवे पर टिहरी के सिलासू पु़ल के पास अनियंत्रित होकर चार सौ मीटर गहरी खाई में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में दो परिवारों के पांच लोगों की मौत हो गई। इनमें दंपती और उनका डेढ़ साल का बच्चा भी हैं। दो अन्य लोगों को चोटें आई हैं। कार सवार लोग देहरादून में दून अस्पताल में मृत, परिवार की ही एक महिला का शव लेकर जा रही एंबुलेंस के पीछे चल रहे थे। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे यह घटना हुई।
लाखामंडल निवासी बाबूराम गौड़ के भाई विनोद गौड़ की पत्नी नम्रता की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गयी थी। परिवारीजन उसे नजदीकी अस्पताल नौगांव ले गए, वहां से उसे दून अस्पताल रेफर कर दिया गया। मध्य रात्रि नम्रता ने उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह परिवार के लोग एंबुलेस में नम्रता का शव लेकर लाखामंडल जा रहे थे। एंबुलेंस के साथ एक मारुति कार में दो परिवारों के सात लोग भी लाखामंडल के लिए चले।
दिल्ली-यमुनोत्री हाईवे पर सिलासू पुल(टिहरी) के पास सुबह करीब पांच बजे कार अनियंत्रित होकर खाई में लुढ़कती हुई यमुना नदी के किनारे जा पहुंची। कार सवार बाबूराम गौड़ (46) पुत्र बुद्धिराम गौड़, दर्शनी देवी (44) पत्नी बाबूराम, हैप्पी गौड़ 18 पुत्र बाबूराम गौड़, रीना (27) पत्नी तिलक राम, शानू डेढ़ साल पुत्री तिलकराम निवासीगण लाखामंडल तहसील चकराता(देहरादून) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
यह भी पढ़ें: चंबा-ऋषिकेश राजमार्ग मैक्स वाहन दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत; दस लोग घायल
वहीं, बबीता (30) पत्नी बिशंभर व अंकुश गौड़ पुत्र महिमानंद गौड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें प्रशासन ने हेली रेस्क्यू कर देहरादून पहुंचाया। हादसे के बाद से लाखामंडल के बौंदूर खत में मातम पसरा है। मंगलवार सायं यमुना नदी के किनारे हादसे में मारे गए लोगों की अंत्येष्टि की गई।
उत्तराखंड: अंत्येष्टी में जा रहे लोगों का वाहन खाई में गिरा, आठ की मौत