केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिरा पत्थर, चपेट में आने से महिला की मौत
केदारनाथ पैदल मार्ग पर पहाड़ी से गिर पत्थर की चपेट में आने से गुजरात की एक महिला की मौत हो गई।
रुद्रप्रयाग, जेएनएन। केदारनाथ पैदल मार्ग पर सफर यात्रियों के लिए चुनौती बना हुआ है। एक बार फिर इस मार्ग पर पहाड़ी से गिर पत्थर की चपेट में आने से गुजरात की एक महिला की मौत हो गई। हालांकि एसडीआरएफ के जवान उसे बचाने भागे, लेकिन पत्थर इतनी रफ्तार से आया कि वे भी कुछ नहीं कर सके। बीते 16 दिन में पैदल मार्ग पर यह दूसरा हादसा है। इससे पहले 11 मई को हिमखंड टूटने से एक युवती की जान चली गई थी।
यात्रा के प्रमुख पड़ाव गौरीकुंड से केदारनाथ की दूरी 16 किलोमीटर है। इसमें भीमबली से केदारनाथ तक करीब आठ किलोमीटर की दूरी पर स्थिति ज्यादा संवेदनशील है। विशेषकर केदारनाथ से दो किलोमीटर पहले लिनचोली के पास पहाड़ी से पत्थर गिरने का खतरा बना रहता है। सोमवार को दोपहर बाद गुजरात के आणंद की रहने वाली भावना बेन घोड़े पर केदारनाथ से लौट रही थीं। उनके साथ दो परिजन भी थे, जो उनसे कुछ पीछे थे।
लिनचोली के पास एकाएक पहाड़ी से एक बड़ा बोल्डर तेजी से लुढ़कने लगा। इस पर वहां मौजूद एसडीआरएफ के जवानों ने तत्काल यात्रियों को रुकने के लिए कहा। इनमें से दो जवान आनंदी को रोकने के लिए दौड़े, लेकिन तब तक वह पत्थर की चपेट में आ चुकी थीं। जवान उन्हें तत्काल लिनचोली स्थित कैंप हॉस्पिटल लाए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस पर उनके शव को हेलीकाप्टर से गुप्तकाशी भेजा गया।
रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बताया कि प्रशासन ने एहतियातन पैदल मार्ग पर पुलिस, पीएसी, होमगार्ड और एसडीआरएफ के जवानों की तैनाती की गई है। बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के दृष्टिगत मार्ग पर सुरक्षा कर्मी और पेट्रोलिंग टीमों के सदस्यों की संख्या बढ़ाई गई है। पुलिस व आपदा प्रबंधन की टीम भी यात्रियों को पैदल मार्ग पर सावधानीपूर्वक चलने व डेंजर जोन के बारे में जरूरी जानकारी दे रहा है।
यह भी पढ़ें: ज्वाल्पा देवी के दर्शन कर लौट रहे परिवार की कार खाई में गिरी, एक की मौत; चार घायल
यह भी पढ़ें: ओवरटेक करने के चक्कर में मैक्स की बस से जबरदस्त टक्कर, तीन की मौत; 11 घायल
यह भी पढ़ें: स्कूटी सवार मां-बेटे को डंपर ने कुचला, बच्चे की मौके पर ही मौत
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप