विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

केदारनाथ यात्रा समाप्ति के बाद घाटी में पसरा सन्नाटा, रोजगार का संकट गहराया

Published: Sun, 22 Nov 2026 10:36 PM (IST)

केदारनाथ यात्रा समाप्त होने के बाद केदारघाटी के यात्रा पड़ावों में सन्नाटा छा गया है, जिससे स्थानीय कारोबारियों के सामने छह माह का रोजगार संकट खड़ा हो गया है। 

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

संवाद सूत्र जागरण, गौरीकुंड। विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट शीतकाल के लिए बंद होते ही केदारघाटी के प्रमुख यात्रा पड़ावों में सन्नाटा पसरने लगा है। यात्रियों की चहल-पहल से गुलजार रहने वाले फाटा, रामपुर, सीतापुर, सोनप्रयाग और गौरीकुंड में अब वीरानी नजर आने लगी है।

यात्रा सीजन समाप्त होने के साथ ही होटल, ढाबे और अन्य कारोबारी प्रतिष्ठानों पर ताले लटक गए हैं। इससे स्थानीय व्यापारियों और होटल कारोबारियों के सामने अगले छह माह तक आजीविका का संकट खड़ा हो गया है।

केदारघाटी की अधिकांश आबादी की आजीविका छह माह की केदारनाथ यात्रा पर निर्भर है। बरसात के दो माह यात्रा प्रभावित रहने से कारोबारियों को पूरे छह माह भी बेहतर रोजगार नहीं मिल पाता। होटल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष प्रेम गोस्वामी ने कहा कि शीतकाल में रोजगार के अवसर सीमित हो जाते हैं।

सरकार को क्षेत्र की पर्यटन संभावनाओं को विकसित करने के लिए ठोस कार्ययोजना बनानी चाहिए। होटल कारोबारी अशोक सेमवाल ने कहा कि नागताल झील समेत क्षेत्र के बुग्यालों को ट्रैकिंग और पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकता है।

साथ ही स्थानीय मठ-मंदिरों को धार्मिक पर्यटन से जोड़कर सालभर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ाई जा सकती है। स्थानीय कारोबारियों ने सरकार से शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने और स्थानीय युवाओं के लिए वर्षभर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग की है।

यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा के बाद गौरीकुंड में सफाई व्यवस्था बदहाल, व्यापारियों में रोष

यह भी पढ़ें- गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट बंद, 50 प्रतिशत तक गिरा ऋषिकेश में राफ्टिंग कारोबार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।