विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 16, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Kedarnath Dham: केदारनाथ मंदिर के गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने का कार्य विरोध के बावजूद जारी

By Edited By:
Published: Fri, 16 Sep 2022 11:45 PM (IST)Updated: Fri, 16 Sep 2022 11:47 PM (IST)

Kedarnath Dham केदारनाथ धाम के गर्भगृह को स्वर्णमंडित करने का कार्य विरोध के बीच जारी रहा। आज शुक्रवार को तीर्थ ...और पढ़ें

केदारनाथ में गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने का कार्य तीर्थ पुरोहितों के विरोध के बावजूद जारी है।
केदारनाथ में गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने का कार्य तीर्थ पुरोहितों के विरोध के बावजूद जारी है।

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग: Kedarnath Dham: केदारनाथ धाम में गर्भगृह की दीवारों पर सोने की परत चढ़ाने का कार्य तीर्थ पुरोहितों के विरोध के बावजूद जारी है। गुरुवार को तो तीर्थ पुरोहितों ने कार्य भी रुकवाया था। शुक्रवार को फिर उन्होंने श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी को ज्ञापन देकर कार्य रोकने की मांग की। उधर, विरोध के बीच मंदिर समिति ने गर्भगृह की दीवारों से लगी चांदी की परत हटाकर उन पर तांबे की परत चढ़ाने का काम शुरू करवा दिया।

स्वर्णमंडित करने का कार्य रोकने की मांग

काशी विश्वनाथ और व सोमनाथ मंदिर की तर्ज पर केदारनाथ धाम के गर्भगृह को दिव्य एवं भव्य बनाने के लिए चारों दीवार व खंभों पर सोने की परत चढ़ाई जा रही है। लेकिन, तीर्थ पुरोहित इसका जमकर विरोध कर रहे हैं। शुक्रवार को उन्होंने मंदिर समिति के मुख्य कार्याधिकारी को ज्ञापन देकर गर्भगृह को स्वर्णमंडित करने का कार्य रोकने की मांग की।

स्वर्णमंडित करना परंपराओं का अपमान

तीर्थ पुरोहितों का कहना था कि उन्हें विश्वास में लेकर ही कोई कदम उठाया जाना चाहिए था। केदारसभा के अध्यक्ष विनोद शुक्ला व महामंत्री कुबेरनाथ पोस्ती ने कहा कि केदारनाथ मोक्षधाम है और मंदिर के गर्भगृह को स्वर्णमंडित करना परंपराओं का अपमान है। बिना हक-हकूकधारियों व तीर्थ पुरोहितों को विश्वास में लिए यह कार्य किया जा रहा है, जो उन्हें स्वीकार्य नहीं।

कुछ तीर्थ पुरोहितों का विरोध औचित्यहीन

वहीं, मंदिर समिति के सीईओ योगेंद्र सिंह ने कहा कि तीर्थ पुरोहितों को अगर कोई आपत्ति है तो उनसे वार्ता की जाएगी। कहा कि मंदिर के गर्भगृह में सोने की परत चढ़ाने को लेकर जिलाधिकारी की तीर्थ पुरोहितों से वार्ता हुई थी। इस कार्य में परंपराओं का पूरा ध्यान रखा जा रहा है।

मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने कहा कि दीवारों को स्वर्णमंडित करने के मामले में कुछ तीर्थ पुरोहितों का विरोध औचित्यहीन है। यह विपक्ष के दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा है। इस मामले में धार्मिक मान्यता, परंपरा और पुरातत्व विशेषज्ञों की सलाह का पूरा पालन किया जा रहा है।

गर्भगृह को स्वर्णमंडित करने का स्वागत

मंदिर समिति के सदस्य एवं वरिष्ठ तीर्थ पुरोहित श्रीनिवास पोस्ती व केदारसभा के पूर्व अध्यक्ष महेश बगवाड़ी ने मंदिर के गर्भगृह को स्वर्णमंडित किए जाने का स्वागत किया है। एक बयान में उन्होंने कहा कि चुनिंदा लोग गर्भगृह, छत्र, जलहरी को स्वर्णमंडित करने का विरोध कर रहे हैं।

धाम में महाभिषेक पूजाओं के दौरान विभिन्न प्रकार आभूषण, रत्न आदि चढ़ते हैं। दानदाता भक्त स्वेच्छा से मंदिर को सोना-चांदी भेंट करते हैं। इस विरोध का उनमें भी गलत संदेश जाएगा। कहा कि समय के अनुसार परिवर्तन होता रहता है और इसमें कोई बुराई भी नहीं है।

Uttarakhand Weather: बारिश के चलते केदारनाथ जा रहे छह हजार यात्रियों को रोका, स्कूलों में शनिवार को भी छुट्टी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।