विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Chardham Yatra 2022 में लौटी रौनक, केदारनाथ के लिए दूसरे चरण की हेली सेवा शुरू, 30 सितंबर तक सभी टिकट बुक

By Edited By:
Published: Fri, 02 Sep 2022 10:59 PM (IST)Updated: Sat, 03 Sep 2022 08:27 AM (IST)

Chardham Yatra 2022 एक सितंबर से दो हेली कंपनियों क्रिस्टल व चिप्सन ने केदारनाथ धाम के लिए अपनी सेवाएं शुरू ...और पढ़ें

Chardham Yatra 2022 : केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू। File
Chardham Yatra 2022 : केदारनाथ धाम के लिए हेली सेवाएं शुरू। File

संवाद सहयोगी, रुद्रप्रयाग : Chardham Yatra 2022 : चारधाम यात्रा के दूसरे चरण में एक सितंबर से दो हेली कंपनियों क्रिस्टल व चिप्सन ने केदारनाथ धाम के लिए अपनी सेवाएं शुरू कर दी हैं। हिमालयन हेली कंपनी ने बरसात में भी सेवाएं जारी रखीं, इस तरह अब तीन हेली कंपनियां केदारनाथ के लिए सेवाएं दे रही हैं।

30 सितंबर तक सभी हेली टिकट आनलाइन बुक

शेष छह कंपनियां भी इसी सप्ताह अपनी सेवाएं शुरू कर देंगी। वहीं, धाम के लिए 30 सितंबर तक सभी हेली टिकट आनलाइन बुक हो चुके हैं। उधर, चारों धाम में तीर्थ यात्रियों की संख्या बढ़ने से रौनक लौट आई है। बीते एक सप्ताह में 68 हजार 329 तीर्थ यात्री चारों धाम पहुंच चुके हैं।

मानसून की विदाई को देखते हुए वापस लौटने लगी हेली कंपनियां

मानसून सीजन शुरू होते ही जून अंतिम सप्ताह में आठ हेली कंपनियां केदारनाथ से वापस लौट गई थीं। जबकि, हिमालयन हेली कंपनी ने बरसात में भी अपनी उड़ान जारी रखीं।

अब मानसून की विदाई को देखते हुए सभी हेली कंपनियां वापस लौटने लगी हैं। साथ ही धाम के लिए हेली टिकटों की आनलाइन बुकिंग भी शुरू हो गई है।

हेली सेवा से दर्शनों को पहुंचने वालों की संख्या 1.52 लाख

पहले चरण में 10.60 लाख से अधिक तीर्थ यात्रियों ने बाबा केदार के दर्शन किए। इनमें हेली सेवा से दर्शनों को पहुंचने वालों की संख्या 1.52 लाख है।

हेली सेवा के नोडल अधिकारी सुशील नौटियाल ने बताया कि द्वितीय चरण में बाबा के दर्शनों को तीर्थ यात्रियों की भारी भीड़ उमड़ने की उम्मीद है। इसी सप्ताह सभी नौ हेली कंपनियां विधिवत रूप से सेवाएं देने लगेंगी।

रोज चारों धाम में दर्शनों को पहुंच रहे 11 हजार से अधिक तीर्थ यात्री

उधर, मानसून की विदाई नजदीक आते ही चारधाम यात्रा ने गति पकड़ ली है और रोजाना 11 हजार से अधिक तीर्थ यात्री चारों धाम दर्शनों को पहुंच रहे हैं। कुल यात्रियों की संख्या पर नजर डालें तो बदरीनाथ धाम अब तक 11 लाख 37 हजार 736 तीर्थ यात्री पहुंचे।

उम्मीद है कि यात्रा के शेष दो महीनों में यह संख्या रिकार्ड स्तर तक पहुंच जाएगी। बदरीनाथ धाम के ब्रह्मकपाल तीर्थ और देश के अंतिम गांव माणा पहुंचने वालों की संख्या भी तेजी से बढ़ी है।

केदारनाथ धाम में भी एक सप्ताह से रोजाना चार हजार से अधिक तीर्थ यात्री पहुंच रहे हैं। धाम के कपाट भैयादूज पर्व पर आगामी 26 अक्टूबर को बंद होने हैं। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि इस अवधि में बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के केदारनाथ आने की संभावना है। इसके लिए संबंधित विभागों को यात्रा व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं।

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में बीते एक सप्ताह में तीर्थ यात्रियों की संख्या लगभग दोगुना हो गई। 25 अगस्त को जहां दोनों धाम में 1688 तीर्थ यात्री पहुंचे थे, वहीं दो सितंबर को यह संख्या 2957 पहुंच गई। यही वजह है कि पांच सितंबर से लेकर 20 अक्टूबर तक के लिए गंगा-यमुना घाटी के 50 प्रतिशत होटल एडवांस बुक हो चुके हैं।

अब तक चारधाम पहुंचे तीर्थ यात्री

धाम - कुल तीर्थ यात्री

यमुनोत्री - 377906

गंगोत्री- 488860

केदारनाथ- 1064024

बदरीनाथ- 1137736

गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में आस्था का सैलाब

वर्ष 2013 की आपदा और कोविड काल के बाद से यह पहला सीजन है, जब गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में आस्था का सैलाब उमड़ा है। उत्तरकाशी होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष शैलेंद्र मटूड़ा ने कहा कि सितंबर-अक्टूबर में यात्रा बेहतर चलने की उम्मीद है।

बीते दस वर्षों की तुलना करें तो अब तक सबसे अच्छी यात्रा वर्ष 2019 में चली थी। तब गंगोत्री में 5.30 लाख और यमुनोत्री धाम में 4.66 लाख तीर्थ यात्रियों ने दर्शन किए थे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।