Sena Medal : उत्तराखंड के जांबाज मेजर अजय धानिक सम्मानित, असम में बड़े ऑपरेशन को दिया था अंजाम
Sena Medal छह विद्रोहियों को मार गिराने वाले पिथौरागढ़ जिले के जांबाज मेजर अजय धानिक को शनिवार को सेना मेडल से सम्मानित किया गया। शनिवार को सेना की वेस्टर्न कमांड में आयोजित कार्यक्रम में ले. जनरल एनके खंडूडी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया।

संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़ : Sena Medal: असम में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारियों में जुटे छह विद्रोहियों को मार गिराने वाले पिथौरागढ़ जिले के जांबाज मेजर अजय धानिक को शनिवार को सेना मेडल से सम्मानित किया गया। उन्हें यह सम्मान मिलने से सीमांत जिले के लोग गदगद हैं।
बड़े हमले की तैयारी में विद्रोही
सेना की बंगाल इंजीनियरिंग में तैनात मेजर अजय धानिक मई 2021 में असम में तैनात थे। एक ऑपरेशन के दौरान उन्हें सूचना मिली की विद्रोही बड़े हमले की तैयारी में है। उन्होंने तत्काल अपनी टीम तैयार की।
एक व्यक्ति ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी
ऑपरेशन के दौरान बनाए गए ठिकाने के पास पहुंचे एक व्यक्ति ने अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। मेजर अजय धानिक ने तत्काल उसे मार गिराया। तभी दूसरे विद्रोही ने फायरिंग शुरू कर दी।
मेजर अजय ने तत्काल उसे भी मार गिराया। उन्होंने अपनी टीम को दिशा निर्देश देते हुए अन्य विद्रोहियों के भागने के सभी रास्तों को बंद कर दिया। घेरे गए चार अन्य विद्रोहियों को भी मार गिराया गया।
26 जनवरी को की गई थी सम्मानित किए जाने की घोषणा
मेजर धानिक के असाधारण सामारिक कौशल, प्रेरणादायक नेतृत्व और अदम्य साहस के लिए सेना मेडल से सम्मानित किए जाने की घोषणा 26 जनवरी को की गई थी।
शनिवार को सेना की वेस्टर्न कमांड में आयोजित कार्यक्रम में ले. जनरल एनके खंडूडी ने उन्हें सम्मान प्रदान किया। उन्हें यह सम्मान मिलने पर अर्जुन अवार्डी सुरेंद्र सिंह वल्दिया सहित तमाम लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।
मूल रूप से भुरमुनी गांव के निवासी हैं धानिक
मेजर अजय धानिक मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के भुरमुनी गांव के रहने वाले हैं। वर्तमान में वे देहरादून में रहते हैं। सैनिक पृष्ठभूमि वाले परिवार के अजय धानिक के पिता भीम सिंह धानिक भी सेना से कैप्टन पद से सेवानिवृत्त हुए हैं। सम्मान समारोह का आयोजन वेस्टर्न कमांड के अमृतसर में आयोजित हुआ।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।