करोड़ों साल पुराने जीवाश्म दिलाएंगे पिथौरागढ़ को राष्ट्रीय पहचान, उत्तराखंड का पहला ऐसा स्थल
गंगोलीहाट के प्राचीन स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिला है, जो उत्तराखंड का पहला ऐसा स्थल है और यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

दुर्लभ स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष।
HighLights
गंगोलीहाट स्ट्रोमैटोलाइट्स को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिला।
उत्तराखंड का यह पहला भू-स्थल यूनेस्को जियोपार्क की ओर बढ़ा।
पार्किंग निर्माण से स्ट्रोमैटोलाइट्स को खतरा, संरक्षण की मांग।
दीपक कापड़ी, पिथौरागढ़। सीमांत जिले पिथौरागढ़ ने भू-विरासत के क्षेत्र में देश के नक्शे पर अपनी अलग पहचान दर्ज कराई है। गंगोलीहाट में मौजूद प्राचीन 'देवबन स्ट्रोमैटोलाइट' अवशेष को भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा दिया है।
उत्तराखंड में ऐसा सम्मान पाने वाला यह पहला भू-स्थल है। इस उपलब्धि से पिथौरागढ़ में देश का पहला यूनेस्को ग्लोबल जियोपार्क विकसित करने की संभावनाओं को भी नई मजबूती मिली है।
राम लाल आनंद कॉलेज, दिल्ली विश्वविद्यालय के पर्यवेक्षक पिथौरागढ़ और आसपास के जिलों में यूनेस्को जियोपार्क परियोजना पर काम कर रहे हैं। पर्यावरण मंत्रालय और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन की निगरानी में संचालित इस परियोजना के तहत गंगोलीहाट के 'देवबन संरचना के स्ट्रोमैटोलाइट'अवशेष की पहचान की गई।
नौ अक्टूबर 2026 को हुई महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण ने इस भू-स्थल को राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल घोषित किया। इस उपलब्धि के बाद भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण की उपमहानिदेशक डॉ. स्निग्धा घटक ने अन्य अधिकारियों के साथ 18 से 20 नवंबर तक गंगोलीहाट, बेरीनाग और पिथौरागढ़ के विभिन्न भू-स्थलों का सर्वेक्षण किया। इस सयुंक्त सर्वेक्षण में क्षेत्र के भू-स्थलों के अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक महत्व की पुष्टि की गई।
डीएम के सामने उठाया अवशेष के अस्तित्व का सवाल
डॉ. स्निग्धा घटक, जियोपार्क परियोजना के मुख्य पर्यवेक्षक प्रो. राकेश कुमार और राष्ट्रीय हिमालयी अध्ययन मिशन के नोडल अधिकारी महेंद्र लोढ़ी ने डीएम आशीष भटगांई से मुलाकात की। इस दौरान देवबन स्ट्रोमैटोलाईट के भूवैज्ञानिक महत्व और उसके संरक्षण की जरूरत पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में एक अहम चिंता भी सामने आई।
राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिलने के बावजूद गंगोलीहाट स्थल में पार्किंग निर्माण के लिए हो रहे भू-खनन से आदिकाल के स्ट्रोमैटोलाइट अवशेष को नुकसान पहुंचने की आशंका है।
प्रो. राकेश कुमार ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पार्किंग स्थल की दिशा बदलने की मांग की। उन्होंने वर्तमान में खनन किए गए स्थान पर जियोपार्क सूचना केंद्र बनाने का सुझाव भी दिया, ताकि अवशेष को संरक्षित करने के साथ पर्यटकों और शोधार्थियों को इस विरासत की वैज्ञानिक जानकारी मिल सके।
जियो टूरिज्म के रूप में विकसित होगा क्षेत्र
डीएम ने गंगोलीहाट भू-स्थल के संरक्षण का आश्वासन दिया। उन्होंने इसे जियो टूरिज्म के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की संभावनाओं पर भी पहल की। डीएम ने परियोजना के पर्यवेक्षकों और डॉ. घटक से इस स्थल के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का आग्रह किया।
इसके लिए सूचना केंद्र का डिजाइन और अन्य जरूरी प्रस्ताव उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। राष्ट्रीय भू-विरासत स्थल का दर्जा मिलने से गंगोलीहाट की पहचान अब केवल स्थानीय पर्यटन स्थल तक सीमित नहीं रहेगी।
वैज्ञानिक अध्ययन, भू-विरासत संरक्षण और जियो टूरिज्म के माध्यम से यह क्षेत्र अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी पहचान बना सकता है। साथ ही स्थानीय रोजगार में भी वृद्धि होगी। हालांकि, इस विरासत को बचाने के लिए विकास कार्यों में वैज्ञानिक संरक्षण को प्राथमिकता देना अब सबसे बड़ी चुनौती होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।