विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़ में व्यास, दारमा, जोहार और खलिया टॉप में हिमपात, चौदास में वर्षा

Published: Sun, 15 Nov 2026 08:55 PM (IST)

पिथौरागढ़ में शनिवार रात से मौसम बदला, उच्च हिमालयी व्यास, दारमा, जोहार घाटियों और खलिया टाप में हिमपात हुआ। चौदास ...और पढ़ें

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। सीमांत में शनिवार रात्रि से मौसम का मिजाज बदल गया। जिला मुख्यालय सहित कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी हुई, जबकि धारचूला के चौदास और मुनस्यारी में हल्की वर्षा हुई।

वहीं उच्च हिमालयी व्यास, दारमा और जोहार घाटी में हिमपात हुआ है। मुनस्यारी के खलिया टाप में इस सीजन का पहला हिमपात हुआ है। वर्षा और हिमपात से सीमांत जिले में कड़ाके की ठंड पड़ रही है।

शनिवार रात से आसमान बादलों से घिर चुका था और रात को कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी हुई। सुबह नगर सहित अन्य क्षेत्रों में पानी बरसा। उच्च हिमालयी व्यास घाटी में लिपुलेख, नावीढांग, ओम पर्वत सहित अन्य चोटियों के अलावा गुंजी, नाबी, कुटी आदि गांवों में भी हिमपात हुआ है।

दारमा घाटी में भी ऊंची चोटियों सहित कई स्थानों पर हिमपात हुआ है। खलिया टॉप में मौसम का पहला हल्का हिमपात हुआ है। वहीं उच्च हिमालय में नंदा देवी, नंदाकोट, बृजगंग, नागनीधूरा, राजरंभा, पंचाचूली सहित सभी चोटियों पर बर्फ गिरी है।

जौलजीबी में रविवार अपरान्ह को काली-गोरी नदी घाटी क्षेत्र में वर्षा हुई। तेज हवाओं के चलते मेले को लेकर लगे बैनर, पोस्टर उड़ गए। मेले मे भी व्यवधान आया। पूरा जिला कड़ाके की ठंड की चपेट में है। हांलाकि निचले क्षेत्रो में दिन में धूप भी खिली लेकिन सर्द हवाओं के चलते तापमान में काफी गिरावट आ चुकी है।

बागेश्वर में भी अचानक मौसम ने ली करवट, बढ़ी ठंड

जिले में रविवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह धूप खिलने के बाद आसमान में बादल छा गए। दिन में कुछ देर हल्की धूप निकली, लेकिन बादलों की आवाजाही फिर शुरू हो गई। तापमान में गिरावट के साथ ठंड बढ़ गई है। मौसम के बदले मिजाज के कारण उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात की संभावना बनी हुई है।

घाटी वाले क्षेत्रों में भी ठंड का असर महसूस किया जा रहा है। लोगों ने गर्म कपड़े निकाल लिए हैं, जबकि हिमालयी गांवों में ग्रामीण अलाव जलाने लगे हैं। शाम होते ही ठंड और बढ़ रही है। रविवार को जिले का अधिकतम तापमान 16 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में अचानक बदलाव से स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें बढ़ सकती हैं। बच्चों, बुजुर्गों और सांस की परेशानी से जूझ रहे लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। ठंड के कारण सर्दी-जुकाम, खांसी, गले में खराश और बुखार हो सकता है।

अस्थमा और हृदय रोग से पीड़ित लोगों की परेशानी भी बढ़ सकती है। चिकित्सक डॉ. राजीव उपाध्याय ने सलाह दी कि सुबह और शाम गर्म कपड़े पहनें तथा बच्चों और बुजुर्गों को ठंड से बचाएं। गुनगुना पानी पीएं, पौष्टिक भोजन लें और ठंडी हवा में अनावश्यक बाहर जाने से बचें।

सांस लेने में परेशानी, तेज बुखार या लगातार खांसी होने पर चिकित्सक से परामर्श लें। उन्होंने कहा कि सावधानी बरतकर बदलते मौसम में बीमारियों से बचा जा सकता है।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में बवाल पर बड़ी कार्रवाई, विधायक हरीश धामी समेत सात पर केस

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ के जौलजीबी मेले में विधायक हरीश धामी के हंगामे के बाद सांस्कृतिक संध्या रद्द, जनता में रोष

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।