विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पिथौरागढ़ में शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे बच्चों का वाहन दुर्घटनाग्रस्त, चालक नशे में, 13 वर्षीय बच्चे को थमाया स्टेरिंग

By Omprakash AwasthiEdited By: Rahul Chauhan
Published: Sun, 15 Nov 2026 10:15 PM (IST)

शैक्षिक भ्रमण से लौट रहे गंगोलीहाट के स्कूली बच्चों का वाहन पिथौरागढ़ के घाट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। गंगोलीहाट से शैक्षिक भ्रमण पर पिथौरागढ़ आए स्कूली बच्चों का वाहन वापसी के दौरान घाट के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और सात छात्र-छात्राएं घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

प्रारंभिक जांच में चालक के अत्यधिक नशे में होने और गाड़ी का स्टेरिंग 13 वर्षीय बच्चे के हाथ में थमाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पुलिस ने मेडिकल में चालक के नशे में होने की पुष्टि की है।

जानकारी के अनुसार, विवेकानंद स्कूल गंगोलीहाट के बच्चे एक कोचिंग संस्थान के माध्यम से शिक्षक हिमांशु उप्रेती के साथ रविवार को पिथौरागढ़ शैक्षिक भ्रमण पर आए थे। बच्चों ने गुरना मंदिर और चंडाक क्षेत्र का भ्रमण किया।

शाम के वक्त शिक्षक दूसरे वाहन से वापस लौटे, जबकि बच्चे उसी गाड़ी से लौट रहे थे। पिथौरागढ़ से करीब 30 किलोमीटर दूर घाट के पास (दिल्ली बैंड के समीप) वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बोल्डर से जा टकराया।

बच्चों ने बताया कि चालक शराब के नशे में धुत था और उसने बगल में बैठे 13 वर्षीय छात्र तेजस को स्टेरिंग थमा दिया था, जिसे वह संभाल नहीं पाया। हादसे के बाद बच्चों की चीख-पुकार मच गई।

घाट चौकी प्रभारी सुरेश कंबोज पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया।
चिकित्सकों के अनुसार, घायलों में शशि (16) निवासी कुमतोला, चालक गणेश बुंगला, तेजस (13) निवासी बुंगली, कुमकुम बिष्ट (16) निवासी पाताल भुवनेश्वर, हर्षित (15), प्रियांशु (16) और रिया (16) शामिल हैं।

सिर में चोट लगने के कारण कुछ बच्चों का सीटी स्कैन कराया जा रहा है। वाहन में चालक समेत कुल 11 लोग सवार थे। घटना की सूचना मिलते ही हेमराज बिष्ट, वीरेंद्र बोरा, गोपू महर और महेश पाठक सहित कई लोग अस्पताल पहुंचे। पुलिस निरीक्षक ललित रावल ने बताया कि मामले में वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ के भगत वाछमी बने कीवी किंग, जैविक खेती से युवाओं को कर रहे प्रेरित, 250 पौधों से हो रही बंपर पैदावार

यह भी पढ़ें- पिथौरागढ़ में व्यास, दारमा, जोहार और खलिया टॉप में हिमपात, चौदास में वर्षा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।