Pithoragarh News: जिले में नए टूरिस्ट डेस्टिनेशन के रूप में उभरेगी बड़ाबे झील, सौंदर्यीकरण कार्य जारी
पिथौरागढ़ जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ाबे झील का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। 1 करोड़ 78 लाख की लागत से सितंबर तक कार्य पूरा होने की उम्मीद है। झील के पास व्यू पॉइंट कैफे रेलिंग और लाइटिंग लगाई जाएगी। 60% काम पूरा हो चुका है जिससे पर्यटन बढ़ने और रोजगार के अवसर पैदा होने की संभावना है।

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। सीमांत जनपद में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए झील सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है। जिला मुख्यालय से करीब 22 किमी दूर बड़ाबे में 1 करोड़ 78 लाख की लागत से झील का सौंदर्यीकरण कार्य किया जा रहा है।
आगामी सितंबर माह तक झील सौंदर्यीकरण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। झील में सुविधाओं का विस्तार होने से यह स्थल नए टूरिस्ट डेस्टीनेशन के रूप में नजर आएगा।
बड़ाबे झील अपने प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के लिए जानी जाती है। प्रसिद्ध थलकेदार मंदिर की तलहटी में घने जंगलों के बीच स्थित यह झील पर्यटन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
पर्यटकों को आकर्षित कर रोजगार के अवसर पैदा करने के उद्देश्य से इस झील का सौंदर्यीकरण कर यहां सुविधाओं का विस्तार कार्य किया जा रहा है। ग्रामीण निर्माण विभाग को यह जिम्मेदारी मिली है।
विगत वर्ष विभाग ने झील सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया। इस झील के पास दो व्यू प्वाइंट बनाए जा रहे हैं। साथ ही कैफे संचालन के लिए किचन व शौचालय का भी निर्माण कार्य किया जा रहा है।
इसके अलावा झील की सुंदरता बढ़ाने के लिए चारों ओर से रेलिंग व लाइटिंग की जाएगी। फर्श में पानी रिचार्ज के लिए घास बिछाई जाएगी। अब तक 60 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
इसके झील के नए स्वरूप में अस्तित्व में आने के बाद इस क्षेत्र में पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगे। साथ ही स्थानीय लोगों को भी रोजगार के अवसर मुहैया होंगे।
बड़ाबे झील में सौंदर्यीकरण कार्य 60 प्रतिशत हो चुका है। आगामी सितंबर माह तक निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा। इस झील में सुविधाओं के विस्तार होने से पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी और रोजगार के अवसर भी पैदा होंगे।
-पंकज कुमार, अधिशासी अभियंता ग्रामीण निर्माण विभाग
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।