भारत-नेपाल की अटूट मित्रता का गवाह नगरूघाट मेला, काली नदी के तट पर जुटते हैं दोनों देशों के श्रद्धालु
भारत-नेपाल सीमा पर काली नदी के तट पर लगने वाला ऐतिहासिक नगरूघाट मेला दोनों देशों की अटूट मित्रता और साझा संस्कृति का प्रतीक है।

भारत और नेपाल को जोड़ने के लिए झूला घाट में बना ब्रिटिश कालीन झूला पुल। जागरण
HighLights
मेला भारत-नेपाल की अटूट मित्रता का प्रतीक है।
कार्तिक पूर्णिमा पर काली नदी के तट पर आयोजित होता है।
नागार्जुन देवता की पूजा में दोनों देशों के श्रद्धालु जुटते हैं।
गौरी शंकर पंत, लोहाघाट। भारत और नेपाल के बीच भले ही अंतरराष्ट्रीय सीमा है, लेकिन आस्था, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत ने दोनों देशों के लोगों को सदियों से एक सूत्र में बांध रखा है। इसका जीवंत उदाहरण नेपाल सीमा से लगे चंपावत जिले के मडलक क्षेत्र में लगने वाला ऐतिहासिक नगरूघाट मेला है।
कार्तिक पूर्णिमा पर काली नदी के तट पर आयोजित होने वाला यह मेला केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि भारत-नेपाल की अटूट मित्रता, साझा संस्कृति और आपसी भाईचारे का प्रतीक है। यहां दोनों देशों के श्रद्धालु एक साथ जुटते हैं और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा को आगे बढ़ाते हैं।
नागार्जुन देवता का मूल स्थान
चंपावत जिले के पूर्वी छोर पर भारत और नेपाल को विभाजित करने वाली काली नदी के किनारे लेटी और पासम गांव के बीच स्थित सेरा को नागार्जुन देवता का मूल स्थान माना जाता है। यही स्थान नगरुघाट के नाम से प्रसिद्ध है।
स्थानीय मान्यता के अनुसार काली नदी में कालीताल देव का निवास है। नागार्जुन देवता का क्षेत्र कोटिगाड़ से खलड़िया तक माना जाता है। नेपाल के महाकाली अंचल और भारत के मडलक क्षेत्र के ग्रामीण नागार्जुन देवता को अपना आराध्य मानते हैं। नगरूघाट मेले से जुड़ी एक रोचक लोककथा पीढ़ियों से सुनाई जाती रही है।
नदी में समा गया था कालीताल देव का धाम
मान्यता है कि प्राचीन समय में काली नदी में स्नान के दौरान कालीताल देव का धाम नदी में समा गया। काफी देर तक उसके बाहर नहीं आने पर लोगों ने उसे मृत समझ लिया और घर लौट गए। परिजनों ने उसके अंतिम संस्कार की तैयारी भी शुरू कर दी। लेकिन सात दिन बाद धामी जीवित अवस्था में अपने गांव सल्टा पहुंच गया।
उसने बताया कि काली नदी के नीचे सोने का भव्य मंदिर है, जहां बड़ी संख्या में सेवक रहते हैं और खाने-पीने की कोई कमी नहीं है। इस अद्भुत घटना के बाद लोगों की आस्था और गहरी हो गई। लोकमान्यता के अनुसार तभी से यहां मेले की परंपरा शुरू हुई।
कंधों पर बैठाकर ले जाते हैं मुख्य धामी को
तीन दिन तक चलने वाले इस मेले की धार्मिक परंपराएं भी अनूठी हैं। सल्टा गांव के मुख्य धामी को श्रद्धालु कंधों पर बैठाकर लेटी बगौटी तक पहुंचाते हैं। यहां पहले से तैयार रथ में सवार होकर धामी सुंगरखाल होते हुए सेरा के लिए प्रस्थान करते हैं। इस धार्मिक यात्रा में आसपास के गांवों के लोग ढोल-नगाड़ों के साथ शामिल होते हैं।
कार्तिक पूर्णिमा से पहले एकादशी के दिन से ही सल्टा, बगोटी, जमर्सों, लेटी और पासम सहित विभिन्न गांवों में उत्सव का माहौल बनने लगता है। पारंपरिक झोड़ा और ढुसका गायन से लोकसंस्कृति की छटा बिखरती है।
नेपाल के श्रद्धालुओं के बिना अधूरी है पूजा
नगरूघाट मेले की सबसे बड़ी विशेषता भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं की संयुक्त भागीदारी है। नेपाल से बड़ी संख्या में भक्त यहां पहुंचते हैं। स्थानीय मान्यता है कि नेपाली श्रद्धालुओं की सहभागिता के बिना नागार्जुन देवता की पूजा अधूरी मानी जाती है। मेले में दोनों देशों के लोग एक-दूसरे की दुकानों से खरीदारी भी करते हैं। इससे सीमांत क्षेत्र में व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ आपसी संबंध भी मजबूत होते हैं।
कल से लगेगा ऐतिहासिक नगरूघाट मेला
ऐतिहासिक भारत नेपाल सीमा पर कल से गांवों के जत्थे जुटने शुरू हो जाएंगे। दो दिवसीय मेले के आयोजन के दौरान नागार्जुन मंदिर में पूजा पाठ, भजन आदि आयोजन होंगे। मेला समिति के अध्यक्ष जगदीश कलौनी ने बताया कि मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मेले में विभिन्न गांवों से देवरथ और देव जत्थे पहुंचेंगे। इस वर्ष मेले को पूरी तरह नशामुक्त रखने का निर्णय लिया गया है।
भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने सांस्कृतिक रिश्तों की पहचान है। आज जब अंतरराष्ट्रीय सीमाएं देशों को अलग करती हैं, तब यह मेला संदेश देता है कि आस्था और मानवीय रिश्तों की कोई सीमा नहीं होती। इस ऐतिहासिक आयोजन को व्यापक पहचान दिलाने के साथ यहां श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाएं विकसित की जानी चाहिए, ताकि इसे अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक विरासत के रूप में स्थापित किया जा सके और आने वाली पीढ़ियां भी इस परंपरा से जुड़ी रहें।
-जगदीश चंद्र कलोनी, अध्यक्ष, मेला समिति
यह भी पढ़ें- माघ मेला में चलेगी रिंग रेल, संगम में डुबकी लगाकर श्रद्धालु काशी और अयोध्या व चित्रकूट आसानी से पहुंच सकेंगे
यह भी पढ़ें- ककोड़ा मेला के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी रोडवेज बसें, श्रद्धालु कम किराए में कर सकेंगे यात्रा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।