ककोड़ा मेला के लिए 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी रोडवेज बसें, श्रद्धालु कम किराए में कर सकेंगे यात्रा
उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम ने गंगा स्नान पर्व-2026 पर ककोड़ा मेला जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए 24 घंटे बस सेवा शुरू की है।

ककोड़ा मेले में बच्चों के मनोरंजन के लिए लगे चरख व झूले। फोटो- जागरण
HighLights
ककोड़ा मेला 2026 के लिए 24 घंटे बस सेवा उपलब्ध।
बदायूं से मेला स्थल तक 50 विशेष बसें चलेंगी।
प्रति यात्री किराया 42 रुपये निर्धारित किया गया है।
जागरण संवाददाता, बदायूं। गंगा स्नान पर्व-2026 के अवसर पर मेला ककोड़ा आने-जाने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसें 24 घंटे उपलब्ध रहेंगी। श्रद्धालुओं को बदायूं रोडवेज बस स्टैंड से मेला स्थल पर स्थित अस्थायी बस स्टेशन तक पहुंचाने के लिए 50 विशेष रोडवेज बसों एवं शटल बसों का संचालन किया जाएगा।
सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज राजेश पाठक ने जानकारी देते हुए बताया कि बदायूं रोडवेज बस स्टैंड से मेला ककोड़ा स्थित अस्थायी बस स्टेशन की दूरी लगभग 30 किलोमीटर है। इसके लिए प्रति यात्री एक तरफ का किराया 42 रुपये निर्धारित किया गया है।
22 नवंबर 2026 को अपराह्न तीन बजे से मेला समाप्ति तक ककोड़ा मेला स्पेशल बसें एवं शटल बसें प्रत्येक आधे घंटे के अंतराल पर संचालित रहेंगी। 50 बसें बदायूं बस स्टैंड से ककोड़ा के अस्थायी बस स्टैंड तक तथा ककोड़ा के अस्थायी बस स्टैंड से बदायूं बस स्टैंड तक लगातार उपलब्ध रहेंगी।
परिवहन निगम द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए यह व्यवस्था की गई है, जिससे गंगा स्नान पर्व पर मेला ककोड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
यह भी पढ़ें- तिगरी और गढ़ गंगा मेले दोनों का आनंद ले रहे श्रद्धालु, पांटून पुल से कम हुई अपनों के बीच की दूरियां
यह भी पढ़ें- देवोत्थान पर तिगरी मेले में उमड़ी भीड़, रेती के तंबुओं में महकी काली दाल की खिचड़ी