देवोत्थान पर तिगरी मेले में उमड़ी भीड़, रेती के तंबुओं में महकी काली दाल की खिचड़ी
देवोत्थान एकादशी पर तिगरी गंगाधाम में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जहां उन्होंने गंगा की रेती पर तंबुओं में काली दाल की खिचड़ी बनाकर प्रसाद ग्रहण किया। यह परंपरा नई फसल के सम्मान और श्रवण कुमार से जुड़ी एक प्राचीन किंवदंती पर आधारित है।

गजरौला मेले में लाइटों से जगमगाते झूले। जागरण
HighLights
गंगा की रेती पर तंबुओं में बनी काली दाल की खिचड़ी, दही-घी और चटनी के साथ लिया प्रसाद का आनंद
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के योगनिद्रा से जागने के साथ ही तिगरी गंगाधाम में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ गई है। सुबह से ही ट्रैक्टर-ट्रालियों में सवार होकर श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। इससे मेला क्षेत्र में रौनक और बढ़ गई है।
गंगा की रेती पर प्रवास कर रहे श्रद्धालुओं ने अपने-अपने तंबुओं में काली दाल की खिचड़ी बनाई। दही, देसी घी, चटनी और अचार के साथ खिचड़ी का आनंद लिया। खिचड़ी की खुशबू से पूरा मेला क्षेत्र महक उठा।
देवोत्थान एकादशी पर घरों में पूजा-अर्चना करने के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने तिगरी मेले की ओर रुख किया। श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से तिगरी मार्ग पर वाहनों की संख्या में इजाफा हो गया। पुलिसकर्मियों ने यातायात व्यवस्था संभालते हुए वाहनों को निकलवाया।
कांकाठेर मार्ग की ओर से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा की रेती पर जगह देखकर अपने तंबू लगाए। सुबह से शुरू हुआ श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा।
उधर, देवोत्थान एकादशी पर मेले में खिचड़ी बनाने की परंपरा भी निभाई गई। तंबुओं में जगह-जगह चूल्हे जलते नजर आए। किसी ने खिचड़ी में देसी घी डाला तो किसी ने हरी चटनी और अचार के साथ इसका आनंद लिया। तिगरी मेले में काली दाल की खिचड़ी का विशेष महत्व है।
यह परंपरा किसान की मेहनत, अन्न के प्रति सम्मान और अपने इष्टदेव को नई फसल अर्पित करने की भावना से जुड़ी है। इसी मान्यता के चलते देवोत्थान एकादशी पर श्रद्धालु खिचड़ी बनाकर भगवान को भोग लगाते हैं और प्रसाद के रूप में ग्रहण करते हैं।
श्रवण कुमार और उनके माता-पिता को लगाया था खिचड़ी का भोग
तिगरी मेले में देवोत्थान एकादशी पर खिचड़ी बनाने की परंपरा को लेकर एक प्राचीन किंवदंती भी प्रचलित है। मान्यता है कि त्रेतायुग में श्रवण कुमार अपने माता-पिता को लेकर गंगा किनारे ठहरे थे।
उनके दर्शन के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। तब देवोत्थान एकादशी पर लोगों ने नई फसल से प्राप्त काली दाल की खिचड़ी बनाकर श्रवण कुमार और उनके माता-पिता को भोग लगाया था।
कहा जाता है कि तभी से देवोत्थान एकादशी से लेकर कार्तिक पूर्णिमा के मुख्य स्नान तक तिगरी मेले में श्रद्धालु अपने तंबुओं में खिचड़ी बनाते आ रहे हैं। वर्षों पुरानी यह परंपरा आज भी पूरी श्रद्धा के साथ निभाई जा रही है।
हरि प्रबोधिनी एकादशी पर घर-घर हुआ भगवान विष्णु का गुणगान
हरि प्रबोधिनी एकादशी का पर्व नगर और क्षेत्र में श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ मनाया गया। श्रद्धालुओं ने घरों में भगवान विष्णु की पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
शुक्रवार सुबह से ही घरों में पूजा-पाठ का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं ने व्रत रखकर भगवान विष्णु का पूजन किया और मंगल गीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बनाया। पूरे दिन नगर और आसपास के क्षेत्र में धार्मिक माहौल बना रहा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।