लड्डू गोपाल को कराया शाही स्नान, तंबुओं में महकी खिचड़ी प्रसाद की खुशबू, तिगरी में छाई भक्ति की बहार
तिगरी गंगा मेले में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ रही है, जहां गंगा मैया के जयकारों के साथ भक्त शीतल जल में डुबकी लगा रहे हैं। लड्डू गोपाल को भी स्नान कराया जा रहा है और तंबुओं में खिचड़ी प्रसाद का आनंद लिया जा रहा है।

गजरौला तिगरी गंगा घाट पर आस्था का सैलाब स्नान करते श्रद्धालु। जागरण
HighLights
तंबुओं में खिचड़ी प्रसाद का लिया आनंद, चेंजिंग रूम व सुरक्षा के किए गए इंतजाम
संवाद सहयोगी, गजरौला (अमरोहा)। तिगरी गंगा मेले में गंगा घाटों पर आस्था और श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है। गंगा मैया के जयकारों और श्रद्धालुओं की भीड़ से पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय बना हुआ है। गंगा के शीतल जल में डुबकी लगाकर श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं। घाटों पर स्नान के साथ ही भक्ति और उल्लास का माहौल मेले की रौनक बढ़ा रहा है।
शुक्रवार को मौसम साफ रहने और धूप में अच्छी तपिश होने के चलते सुबह आठ बजे के बाद श्रद्धालुओं के गंगा घाटों पर पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। कुछ ही देर में घाटों पर भीड़ बढ़ गई। दूर-दूर तक श्रद्धालु गंगा में स्नान करते नजर आए।
इस दौरान कई श्रद्धालु एक-दूसरे पर पानी की बौछार कर आनंद लेते दिखाई दिए। घंटों गंगा के शीतल जल में स्नान करने के बाद श्रद्धालु गंगा मैया के जयकारे लगाते हुए अपने तंबुओं की ओर लौटते रहे।
मेले में श्रद्धालु अपने लड्डू गोपाल को भी गंगा स्नान करा रहे हैं। स्नान के बाद तंबुओं में खिचड़ी का प्रसाद ग्रहण करने की परंपरा भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। घाटों पर गूंजते जय गंगे मैया के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय नजर आ रहा है।
गहरे पानी में जाने से रोक रहे गोताखोर
गंगा स्नान के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मेला प्रशासन सतर्क है। पीएसी के गोताखोर स्टीमर से घाटों पर लगातार पेट्रोलिंग कर रहे हैं। वे श्रद्धालुओं को गहरे पानी में जाने से रोकने के साथ ही बैरिकेडिंग के भीतर निर्धारित सुरक्षित स्थान पर स्नान करने की हिदायत दे रहे हैं।
पुलिसकर्मी भी घाटों पर लगातार गश्त कर रहे हैं। महिला पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई है, जबकि सादी वर्दी में पुलिसकर्मी असामाजिक तत्वों पर नजर रख रहे हैं। सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी पूरे मेला क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।
महापुरुषों और देवी-देवताओं के नाम से सजे घाट
डीएम के निर्देश पर गंगा स्नान के लिए बनाए गए घाटों के नाम महापुरुषों और देवी-देवताओं के नाम पर रखे गए हैं। प्रत्येक घाट पर सेक्टर प्रभारी की तैनाती की गई है। उनके निर्देशन में अधिकारी और कर्मचारी व्यवस्थाओं को संभाल रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मेला प्रशासन की ओर से पर्याप्त संख्या में चेंजिंग रूम भी बनवाए गए हैं। घाटों पर आस्था, श्रद्धा, सुरक्षा और सेवा का संगम तिगरी मेले की भव्यता को और बढ़ा रहा है।
यह भी पढ़ें- टेंट, बिस्तर और चूल्हा-चौका... सालभर के इंतजार के बाद गंगा की रेती पर शुरू हुआ श्रद्धालुओं का अनोखा 'प्रवास'
यह भी पढ़ें- महाभारत काल से जुड़ा है इस गंगा मेले का इतिहास, 5 लाख श्रद्धालुओं की आस्था; लेकिन तैयारी अभी भी अधूरी!
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।