महाभारत काल से जुड़ा है इस गंगा मेले का इतिहास, 5 लाख श्रद्धालुओं की आस्था; लेकिन तैयारी अभी भी अधूरी!
हसनपुर तहसील में कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले पूठधाम सतैड़ा और पौरारा गंगा मेलों की तैयारियां चल रही हैं। जहाँ पौरारा घाट पर अधिकांश व्यवस्थाएं पूरी हो चुकी हैं, वहीं पूठधाम पर अभी भी कई कार्य अधूरे हैं।

पौरारा घाट पर गंगा में बल्ली लगाते श्रमिक। जागरण
HighLights
5 लाख श्रद्धालु पूठधाम सतैड़ा और पौरारा धाम पर करेंगे स्नान
संवाद सहयोगी, हसनपुर (अमरोहा)। हसनपुर तहसील क्षेत्र में पूठधाम सतैड़ा और पौरारा गंगा घाट पर महाभारत काल से कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर गंगा स्नान होता चला आ रहा है। पूठधाम सतैड़ा में करीब तीन लाख और पौरारा में दो लाख से अधिक श्रद्धालु पतित पावनी मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर पुण्य हासिल करते हैं। गंगा स्नान के चार दिन शेष बचे हैं लेकिन, तैयारी अभी अधूरी दिखाई दे रही है।
पौरारा मेला में दुकानदार पहुंचने हुए शुरू
मां गंगा के पौरारा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मेले की अधिकांश तैयारी पूर्ण हो चुकी हैं। यहां वाच टावर, बैरिकेडिंग, स्नान घाट, चेंजिंग रूम, शौचालय बनाने का कार्य लगभग पूर्ण हो चुका है।

प्रकाश व्यवस्था के लिए जनरेटर लगाया जा रहा है। श्रद्धालुओं को पेयजल आपूर्ति के लिए हैंडपंप लगवाए जा रहे हैं। मेले की तैयारियां पूरी होती देखकर यहां दुकानदार भी पहुंचने लगे हैं।
चाट पकौड़ी व जलेबी विक्रेताओं के साथ ही मीना बाजार लगाने की दुकानदारों ने तैयारी शुरू कर दी हैं। मेले का विधिवत शुभारंभ 22 नवंबर को हवन एवं गंगा पूजन के बाद किया जाएगा।
पूठधाम पर अभी व्यवस्थाएं दुरूस्त नहीं
पूठधाम सतैड़ा में गंगा तट पर कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले मेले की तैयारियां अभी पूर्ण नहीं हो सकी हैं। यहां बैकहो लोडर से रास्ता समतल कराने के बाद अभी मेला स्थल की सफाई भी नहीं की गई है। जबकि पूठधाम पर पौरारा से भी अधिक श्रद्धालु गंगा स्नान करने पहुंचते हैं।
गंगा स्नान के अलावा यहां गंगा तट पर बच्चों के मुंडन और दीपदान की धार्मिक रस्में भी पूरी की जाती हैं। यहां पर स्नान घाट बनाने, वाच टावर लगाने, चेंजिंग रूम तथा अन्य कार्य अभी शुरू भी नहीं हुए हैं। जबकि गंगा स्नान में चार दिन ही शेष बचे हैं।
पौरारा गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा के मेले की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। यहां दो लाख से अधिक श्रद्धालु आते हैं। श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। - इशरत अली, ग्राम प्रशासक पौरारा।
पूठधाम सतैड़ा गंगा घाट पर मेले की तैयारियां चल रही हैं। बैकहो लोडर से गंगा तटबंध से मेला स्थल तक रास्ता समतल कराया जा चुका है। दूसरे कार्य जल्द पूरे किए जाएंगे। - करन सिंह, ग्राम प्रशासक सतैड़ा।
हसनपुर के पूठधाम व पौरारा घाट पर लगने वाले मेलों की तैयारियां जल्द पूरी करा दी जाएंगी। मेला मजिस्ट्रेट अपनी निगरानी में तैयारी करा रहे हैं। श्रद्धालुओं को कोई असुविधा नहीं होगी।
- हिमांशु उपाध्याय, एसडीएम, हसनपुर।
यह भी पढ़ें- बैंकाक में 40 देशों के डॉक्टरों को पछाड़ अमरोहा की डॉ. श्रेया वत्स ने जीता पहला स्थान, थायराइड शोध पर मिला सम्मान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।