टेंट, बिस्तर और चूल्हा-चौका... सालभर के इंतजार के बाद गंगा की रेती पर शुरू हुआ श्रद्धालुओं का अनोखा 'प्रवास'
कार्तिक पूर्णिमा पर लगने वाले प्रसिद्ध तिगरी मेले को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। परिवार टेंट, बिस्तर और खाने-पीने का सामान लेकर गंगा की रेती पर कई दिन बिताने पहुंच रहे हैं, जो उनकी वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है।

गजरौला तिगरी मेले का भव्य नजारा। जागरण
HighLights
गंगा किनारे कई दिन बिताने की वर्षों पुरानी परंपरा निभाएंगे
संवाद सहयोगी, मंडी धनौरा (अमरोहा)। कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा धाम तिगरी में लगने वाले उत्तर भारत के प्रसिद्ध मेले को लेकर मंडी धनौरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। मेले में पहुंचने का सिलसिला जारी है। कोई अपने साथ टेंट लेकर पहुंच रहा है तो कोई घर से ही खाने-पीने का सामान जुटाकर कई दिन मेले में बिताने की तैयारी कर रहा है।
क्षेत्र के तमाम परिवारों के लिए तिगरी मेला केवल गंगा स्नान का पर्व नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी परंपरा, आस्था और पारिवारिक मेल-मिलाप का खास अवसर भी है।
क्षेत्र के सैकड़ों परिवार हर साल मेले में पहुंचते हैं। ये परिवार गंगा की रेती पर टेंट लगाकर कई दिन तक प्रवास करते हैं। इसके लिए घर से ही बिस्तर, टेंट और खाद्य सामग्री लेकर आते हैं।

गंगा की रेती पर अस्थायी आशियाना बनाकर रहना और मेले की रौनक के बीच परिवार के साथ समय बिताना इनके लिए किसी उत्सव से कम नहीं है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान पर्व है।
इससे पहले ही मेले में श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। मुख्य स्नान तक गंगा की रेती पर बड़ी संख्या में परिवार अपने टेंट लगाकर रहेंगे। मंडी धनौरा क्षेत्र के श्रद्धालुओं में भी मेले को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
तिगरी मेले में हर साल परिवार के साथ आते हैं। गंगा की रेती पर टेंट लगाकर रहने और मां गंगा के दर्शन करने का अलग ही आनंद है। - सचिन चौधरी, ततारपुर गर्वी।
कार्तिक पूर्णिमा के मेले का पूरे साल इंतजार रहता है। परिवार के साथ कई दिन मेले में बिताना हमारी पुरानी परंपरा का हिस्सा बन चुका है। - सतवीर चौधरी, अम्हेड़ा।
मेले में आकर घर जैसा ही माहौल मिलता है। टेंट लगाकर परिवार के साथ रहना और गंगा मैया के दर्शन करना बहुत अच्छा लगता है। - मयंक कुमार, मुर्गपुर।
हर साल मेले में आने की कोशिश रहती है। यहां परिवार के साथ समय बिताने और मेले की रौनक देखने का अनुभव ही अलग है। - धर्मवीर भाटी, इब्राहिमपुर उर्फ विरामपुर।
यह भी पढ़ें- महाभारत काल से जुड़ा है इस गंगा मेले का इतिहास, 5 लाख श्रद्धालुओं की आस्था; लेकिन तैयारी अभी भी अधूरी!