विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नवंबर बीता फिर भी नहीं हुई बर्फबारी, स्नो स्कीइंग के शौकीनों को इस बार भी करना पड़ सकता है लंबा इंतजार

Published: Sun, 29 Nov 2026 08:39 AM (IST)

उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी में इस बार भी स्नो स्कीइंग के शौकीनों को लंबा इंतजार करना पड़ सकता है, क्योंकि नवंबर बीतने को है और अभी तक शीतकालीन बारिश व बर्फबारी नहीं हुई है।

News Article Hero Image
timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

जागरण संवाददाता, पिथौरागढ़। उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी में शीतकालीन पर्यटन व साहसिक खेलों के अहम आकर्षण स्नो स्कीइंग के शौकीनों को इस सत्र में भी बर्फबारी के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। नवंबर का महीना समाप्त होने के कगार पर है, लेकिन क्षेत्र में अभी तक शीतकालीन बारिश नहीं हो सकी है।

मौसम के बदले मिजाज के चलते दिन के तापमान में अपेक्षाकृत अधिकता दर्ज की जा रही है, जबकि रात के समय गिरने वाले पाले का असर भी सामान्य से कम बना हुआ है।

मौसम की इन परिस्थितियों के कारण निकट भविष्य में शीघ्र हिमपात होने की संभावनाएं कमजोर पड़ती दिख रही हैं। स्थानीय जानकारों व पर्यटन गतिविधियों से जुड़े लोगों के अनुसार यदि नवंबर और दिसंबर के महीनों में पर्याप्त बर्फबारी नहीं होती है, तो मुनस्यारी में स्नो स्कीइंग का संचालन प्रभावित हो सकता है। वहीं, पंचाचूली से लेकर अन्य चोटियों की तलहटी काली पड़ने लगी हैं।

वर्ष 2025 में नहीं सकी थी स्नो स्कीइंग

गौरतलब है कि बीते वर्षों से ही मौसम की ऐसी ही स्थिति बनी थी, जिसके चलते शुरुआती सर्दियों में पर्यटकों व खिलाड़ियों को निराश होना पड़ा था। तब फरवरी में हुए हिमपात के बाद ही स्नो स्कीइंग के शौकीन अपने रोमांचक खेल का आनंद ले पाए थे। देर से बर्फबारी के चलते स्कीइंग लंबी नहीं चल सकी थी।

वर्ष 1991-92 तक केएमवीएन के साहसिक पर्यटन के तहत मुनस्यारी तक स्नो स्कीइंग कराई जाती थी।तत्कालीन साहसिक खेल प्रबंधक दिनेश गुरुरानी बताते है कि तब पातलथौड़ से मुनस्यारी के बीच ही स्कीइंग होती थी। बलाती, बिटलीधार, खलिया तक जाने की कोई आवश्यकता नहीं रहती थी।

औली से अधिक ऊचाई पर है खलिया टॉप 

  • उच्च हिमालयी क्षेत्र मुनस्यारी स्थित खलिया टॉप और गढ़वाल के औली की पहचान हिमालयी पर्यटन और स्कीइंग से जुड़ी है, लेकिन ऊंचाई, बुनियादी सुविधाओं और बर्फबारी के मिजाज में दोनों के बीच का अंतर काफी है।
  • औली देश के स्थापित और व्यावसायिक स्कीइंग केंद्रों में गिना जाता है, वहीं खलिया टॉप अपनी नैसर्गिक खूबसूरती, शांत वातावरण और दुर्गम हिमालयी ढलानों के लिए पहचाना जाता है।
  • खलिया टॉप मुनस्यारी से करीब आठ से दस किलोमीटर की दूरी पर स्थित है और इसकी ऊंचाई लगभग 3,500 मीटर है। चमोली जिले में स्थित औली की ऊंचाई करीब 2,500 से 3,050 मीटर है
  • खलिया टॉप तक पहुंचने के लिए पैदल ट्रेकिंग और खुली बुग्याल ढलानों का अनुभव मिलता है, जबकि औली सड़क और रोपवे के जरिए अपेक्षाकृत अधिक सुलभ है।
  • खलिया टॉप की अधिक ऊंचाई, खुला बुग्याली क्षेत्र और पंचाचूली पर्वतमाला के करीब होने के कारण यहां सर्दियों में ठंड का असर तेज रहता है और पर्याप्त नमी मिलने पर अच्छी बर्फबारी दर्ज होती है।
  • औली में भी पश्चिमी विक्षोभ से बर्फबारी होती है, लेकिन वहां कृत्रिम स्नो-मेकिंग और व्यवस्थित ढलानों के चलते कई बार प्राकृतिक बर्फ की कमी को संभालने की व्यवस्था रहती है,
  • खलिया टॉप पूरी तरह प्राकृतिक मौसम पर निर्भर है।
  • खलिया टॉप पर स्कीइंग का सबसे बड़ा आकर्षण इसकी अछूती प्राकृतिक ढलानें, भीड़भाड़ से दूर शांत माहौल और हिमालय की चोटियों का नजारा है।
  • औली में प्रशिक्षित स्की ढलान, उपकरण व व्यावसायिक सुविधाएं अधिक विकसित हैं।

यह भी पढ़ें- उत्तराखंड के पर्वतीय क्षेत्रों में बदलेगा मौसम का मिजाज, बारिश बर्फबारी के आसार

यह भी पढ़ें- Bihar Weather: बिहार में 2 दिसंबर से करवट लेगा मौसम, पश्चिमी विक्षोभ से गिरेगा पारा और बढ़ेगी ठंड

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।