यात्रियों का अंतिम दल कैलास मानसरोवर के लिए रवाना
इस वर्ष कैलास मानसरोवर जाने वाले यात्रियों का अंतिम दल (18वां) काठगोदाम पहुंचा। यहां कुमाऊं मंडल विकास निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने दल का स्वागत किया।
हल्द्वानी, [जेएनएन]: इस वर्ष कैलास मानसरोवर जाने वाले यात्रियों का अंतिम दल (18वां) शनिवार को काठगोदाम पहुंचा। यहां कुमाऊं मंडल विकास निगम के पर्यटक आवास गृह में निगम के अधिकारियों व कर्मचारियों ने दल का स्वागत किया। वहीं 13वें दल के 33 सदस्य अपनी यात्रा पूरी करके काठगोदाम से दिल्ली रवाना हुए, जबकि इस दल के आठ सदस्य अभी बूंदी में ही रुके हुए हैं। सभी यात्रियों को हेलीकॉप्टर से धारचूला व पिथौरागढ़ लाया गया था।
पर्यटक आवास गृह में दोपहर का भोजन करने के बाद 13वें दल के सदस्य दिल्ली रवाना हुए। इसके बाद दोपहर दो बजे 18वां दल काठगोदाम पहुंचा। शनिवार को अल्मोड़ा में रात्रि विश्राम के बाद दल रविवार को पिथौरागढ़ रवाना होगा। पर्यटक आवास गृह प्रबंधक रमेश चंद्र पांडे ने बताया कि दल में चंडीगढ़, दिल्ली, हरियाणा, हिमाचल, प्रदेश व सिक्किम से एक-एक, गुजरात से सात, उत्तराखंड, महाराष्ट्र से तीन-तीन, कर्नाटक से दो, केरल चार, तमिलनाडू, तेलंगाना से एक-एक और उत्तरप्रदेश से छह यात्री शामिल हैं। 34 सदस्यीय इस दल में 26 पुरुष व आठ महिला यात्री हैं। वर्ष 2017 की कैलास मानसरोवर यात्रा का यह अंतिम दल है।
उन्होंने बताया कि 13वें दल के 33 सदस्य अपनी यात्रा पूरी करके शनिवार की दोपहर दिल्ली लौट चुके हैं। इस दल के आठ सदस्य अभी बूंदी में हैं। यह दल 30 जुलाई को यात्रा पर रवाना हुआ था।
यह भी पढ़ें: केदारनाथ धाम में धूमधाम से मना अन्नकूट मेला
यह भी पढ़ें: केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं की बुकिंग को सिंगल विंडो सिस्टम
यह भी पढ़ें: मानसून में पहली बार जारी है केदारनाथ के लिए हवाई सेवा