यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 06, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं की बुकिंग को सिंगल विंडो सिस्टम
केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं के टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने अगले यात्रा सीजन से बुकिंग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है।

रुद्रप्रयाग, [जेएनएन]: केदारनाथ के लिए हेली सेवाओं के टिकटों की कालाबाजारी रोकने के लिए प्रशासन ने अगले यात्रा सीजन से बुकिंग के लिए सिंगल विंडो सिस्टम लागू करने का निर्णय लिया है। इसके लिए प्रशासन गुप्तकाशी में काउंटर खोलेगा। टिकटों की बिक्री का जिम्मा प्रशासन का होगा।
इन दिनों केदारनाथ में 13 कंपनियां सेवाएं दे रही हैं। शनिवार को रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने सभी 13 कंपनियों के प्रतिनिधियों की बैठक बुलाई। उन्होंने कंपनियों को निर्देश दिए कि नियमों का पालन सख्ती से किया जाए। इस दौरान डीएम ने कहा कि सभी हेली सेवाओं के लिए आन लाइन व आफ लाइन टिकट बुकिंग के लिए एक ही केन्द्र की व्यवस्था की जाएगी।
इसके लिए अलग से वेबसाइट तैयार की जा रही है। दिसंबर तक गुप्तकाशी में काउंटर बनाने का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि स्थानीय उत्पादों की मार्केटिंग के लिए प्रत्येक हेलीपैड पर फेब्रिकेट हट बनाए जाएंगे। इन हट का निर्माण कंपनियां करेंगे। बैठक में सीडीओ डीआर जोशी, प्रभारी अधिकार कलक्ट्रेट देवानंद, एसडीएम गोपाल सिंह, नोडल अधिकारी हेली सुरेन्द्र पंवार उपस्थित थे।
स्कूलों में कक्षाएं होंगी साउंड प्रूफ
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने बैठक में हेलीकॉप्टर से हो रहे ध्वनि प्रदूषण का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि इससे च्च्चों की पढ़ाई में व्यवधान पड़ रहा है। इस पर हेली कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ तय किया गया कि इस क्षेत्र में पडऩे वाले 11 स्कूलों के कमरे साउंड प्रूफ बनाए जाएंगे और इसका खर्च कंपनियां वहन करेंगी।
