150 साल से एक झूले पर टंगी दो देशों की जिंदगी, अब PM Modi से उम्मीद
पिथौरागढ़ के झुलाघाट में काली नदी पर प्रस्तावित मोटर पुल को लेकर भारत और नेपाल के लोग उत्सुक हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
संवाद सहयोगी, पिथौरागढ़। नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह 22 नवंबर को पहली बार भारत आ रहे हैं। 23 नवंबर को दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनकी वार्ता होगी।
आधिकारिक तौर पर इस वार्ता में विकास, ऊर्जा और कनेक्टिविटी पर बात होगी। लेकिन पिथौरागढ़ और बैतड़ी की जनता की नजर एक ही मुद्दे पर है वह है झुलाघाट में काली नदी पर प्रस्तावित मोटर पुल।
पहले भी कई सहमति और घोषणाएं
नेपाल के बैतड़ी उद्योग वाणिज्य संघ के अध्यक्ष नरबहादुर चंद ने पीएम शाह से आग्रह किया है कि वे दिल्ली में इस विषय को प्राथमिकता से उठाएं। उनका कहना है - पहले भी कई सहमति और घोषणाएं हुईं, पर काम आगे नहीं बढ़ा।
इस बार दिल्ली में ठोस बात होनी चाहिए। झूलाघाट निवासी महाकाली की आवाज संगठन के संयोजक शंकर खड़ायत भी मोटर पुल निर्माण के लिए कई बार आवाज उठा चुके हैं।
150 साल पुराना झूला पुल ही सहारा
झुलाघाट में महाकाली पर बना करीब 100 मीटर लंबा झूला पुल 1877 में ब्रिटिश काल में बना था। आज भी इसी जीर्ण पुल से मरीज, छात्र, व्यापारी और तीर्थयात्री जान जोखिम में डालकर आते-जाते हैं। भारत इस पुल की देखरेख करता है। करीब तीन वर्ष पुल की मरम्मत कराई गई थी।
जिले की धारचूला तहसील के छारछुम में मोटर पुल बनकर तैयार हो चुका है। इससे नेपाल के दार्चुला जिले के लोगों को भी फायदा मिलेगा। झूलाघाट में पुल बन जाने से नेपाल का बैतड़ी जनपद लाभान्वित होगा। पिथौरागढ़ और बैतड़ी के लोग अब 23 नवंबर को भारत और नेपाल के प्रधानमंत्री की मुलाकात का इंतजार कर रहे हैं।