सावधान! पहाड़ों पर जानलेवा ओवरस्पीड, 40 के मानक पर 100 की रफ्तार से दौड़ रहे वाहन
पहाड़ी सड़कों पर वाहन चालक 40 किमी/घंटा की निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन कर 100 किमी/घंटा की रफ्तार से वाहन चला रहे हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, नई टिहरी । पर्वतीय सड़क मार्गों पर वाहन की औसत रफ्तार 40 किमी प्रतिघंटा रखी गई है, लेकिन वाहन चालक 100 किमी प्रतिघंटा की स्पीड से वाहन चला रहे हैं।
संभागीय परिवहन विभाग के मुताबिक पिछले तीन महीने में टिहरी जिले में ही एआरटीओ ने ओवर स्पीड में 321 वाहनों के चालान किए हैं। पहाड़ी रास्तों में ओवर स्पीड जानलेवा साबित हो रही है। दुर्घटना में सबसे प्रमुख कारण ओवरस्पीड होता है। लेकिन उसके बाद भी वाहन चालक नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
परिवहन विभाग ने भद्रकाली चेकपोस्ट और तपोवन में कैमरे लगाए हैं। जिसमें ओवर स्पीड के चालान होते हैं। सितंबर माह में 92 चालान, अक्टूबर में 150 और नवंबर में अभी तक 79 वाहनों के ओवर स्पीड में चालान किए गए हैं।
विभाग के मुताबिक पहाड़ी सड़कों पर भी बस और कार के अलावा टैक्सी-मैक्सी चालक 100 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से वाहन चला रहे हैं। जिस कारण हादसे हो रहे है। जबकि पहाड़ों में छोटे-बड़े वाहनों के लिए 40 किमी प्रति घंटा की स्पीड तय की गई है। लेकिन, इसका कोई भी चालक पालन नहीं कर रहा है।
संभागीय परिवहन अधिकारी जेएस मिश्रा ने बताया कि विभाग की तरफ से ओवरस्पीड और अन्य यातायात नियमों की जानकारी चालकों को दी जाती है। लेकिन उसका कोई असर नहीं दिख रहा है। कैमरे लगने से ओवरस्पीड पर थोड़ी लगाम लगी है। लेकिन अन्य स्थानों पर भी जल्द ही कैमरे लगाए जाएंगे।
नई बस हुई हादसे का शिकार
गूलर में हुए बस हादसे में बस की फिटनेस पूरी तरह सही थी। यह विश्वनाथ सेवा की बस थी। बस की फिटनेस 25 अक्टूबर 2028 तक है। बस का इंश्योरेंस भी 2027 तक वैध है। बस का परमिट भी 2029 तक वैध है।
32 सीटर बस परमवीर सिंह निवासी मदन नेगी प्रतापनगर के नाम पंजीकृत है, और 2024 में ही बस खरीदी गई थी। एआरटीओ जेएस मिश्रा ने बताया कि बस हादसा जिस स्थान पर हुआ है। वहां पर ढलान है। संभवत बस चालक तेज स्पीड में था और ढलान के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रख पाया। जिस कारण बस खाई में गिर गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।