बेटे के गम से उबरी भी नहीं थी मां, हादसे ने छीन लिया दामाद; उत्तराखंड बस हादसे में बंगाल के मजदूर की गई जान
जलपाईगुड़ी के राज राय की उत्तराखंड बस दुर्घटना में मौत हो गई, जिससे उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट ...और पढ़ें

उत्तराखंड बस हादसे में बंगाल के मजदूर की मौत
HighLights
उत्तराखंड बस हादसे में जलपाईगुड़ी के राज राय की मौत।
एक माह में परिवार ने खोया बेटा और दामाद।
पत्नी पुष्पा और बेटे दीप का भविष्य अनिश्चित।
जागरण संवाददाता, जलपाईगुड़ी। अभी बेटे की मौत का गम कम भी नहीं हुआ था कि किस्मत ने एक बार फिर ऐसा जख्म दिया, जिससे उबर पाना शायद आसान नहीं होगा। एक महीने के भीतर फेलानी राय नामक महिला ने अपने बेटे और दामाद दोनों को खो दिया।
पहले स्ट्रोक ने बेटे रमनी बर्मन की जान ले ली और अब उत्तराखंड में बस दुर्घटना में दामाद राज राय (45) की भी मौत हो गई। इस दोहरे दुख ने बंगाल में जलपाईगुड़ी के दक्षिण नाजिरपाड़ा स्थित परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है।
राज राय लंबे समय से परिवार की जिम्मेदारियां निभाने के लिए घर से दूर रहकर मजदूरी करते थे। पिछले 15-20 वर्षों से वह दूसरे राज्यों में काम कर रहे थे। वह टनल निर्माण के काम से जुड़े थे। शादी के बाद से वह पत्नी पुष्पा और 10 वर्षीय बेटे दीप के साथ अपने ससुराल में रहते थे। परिवार की बेहतर जिंदगी के लिए वह लगातार मेहनत कर रहे थे।
पिछले महीने साले रमनी बर्मन की मौत के बाद राज घर आए थे। अंतिम संस्कार और पारिवारिक रस्मों में शामिल होने के बाद सोमवार को वह दोबारा काम पर लौटने के लिए निकले। दिल्ली पहुंचने के बाद उत्तराखंड के लिए रवाना हुए थे। लेकिन हरिद्वार से बद्रीनाथ जाने के रास्ते में टिहरी गढ़वाल जिले के गुलर बाजार इलाके में बस दुर्घटना में उनकी जान चली गई।
सोमवार रात हुई थी आखिरी बातचीत
सोमवार रात तक राज अपने परिजनों के संपर्क में थे। उनके साले गोपाल राय ने बताया कि रात में फोन पर बातचीत हुई थी। साली सुमित्रा राय बर्मन ने भी बताया कि वीडियो काल के जरिए परिवार से उनकी बात हुई थी। किसी को अंदाजा नहीं था कि यह आखिरी बातचीत साबित होगी। मंगलवार दोपहर उत्तराखंड पुलिस ने फोन कर उनकी मौत की सूचना दी।
उत्तराखंड में रहने वाले परिवार के परिचित संजीव राय ने शव की पहचान की। फेलानी राय ने अपना दर्द बयां करते हुए कहा कि एक महीने के भीतर परिवार के दो बड़े सहारे छिन गए। अब समझ नहीं आ रहा कि इस मुश्किल घड़ी में परिवार को कैसे संभालें।
पत्नी के सामने भविष्य की चुनौती
उधर, पति की मौत से पुष्पा राय और 10 वर्षीय दीप के सामने भी भविष्य की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। जिस पिता ने परिवार के बेहतर भविष्य के लिए वर्षों तक घर से दूर रहकर मेहनत की, अब उनका बेटा उनके लौटने का इंतजार भी नहीं कर सकेगा। दक्षिण नाजिरपाड़ा में इस घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।