हाथ में किताबें और मन में है विश्वास, पढ़ाई के साथ स्टॉल लगाकर स्टार्टअप का सपना संजो रही उत्तराखंड की अपूर्वा
उत्तराखंड के राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर की छात्रा अपूर्वा यादव पढ़ाई के साथ त्योहारों पर स्टॉल लगाकर अपना कारोबार खड़ा करने का सपना देख रही हैं।


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। हाथ में किताबें और मन में अपना कारोबार खड़ा करने का सपना। राजकीय पालीटेक्निक श्रीनगर में इलेक्ट्रानिक द्वितीय वर्ष की छात्रा अपूर्वा यादव पढ़ाई के साथ आत्मनिर्भर बनने की राह पर आगे बढ़ रही हैं।
त्योहारों और विशेष अवसरों पर विभिन्न वस्तुओं के स्टॉल लगाकर वह आमदनी के साथ कारोबार का अनुभव भी जुटा रही हैं।
पढ़ाई के बारे में भी पूछते हैं ग्राहक
दीपावली पर श्रीनगर के गोला पार्क में अपूर्वा ने स्टॉल लगाया है। वह ग्राहकों को वस्तुओं की गुणवत्ता और उपयोगिता बताती हैं। उनका आत्मीय व्यवहार लोगों को पसंद आ रहा है। बातचीत के दौरान ग्राहक उनकी पढ़ाई के बारे में भी पूछते हैं।
अपूर्वा के लिए यह छोटी शुरुआत भविष्य में अपना स्टार्टअप स्थापित करने की तैयारी है। इस प्रयास में उनके स्वजन भी साथ दे रहे हैं। पुलिस विभाग में फालोअर के पद पर तैनात पिता महिपाल यादव, मां राधा, छोटे भाई आदित्य और मौसी दीपा स्टॉल के संचालन में सहयोग करते हैं। परिवार का साथ पढ़ाई और काम के बीच तालमेल बनाने में मददगार बन रहा है।
गुरुजनों और साथी छात्र-छात्राओं से भी उन्हें प्रोत्साहन मिलता है। अपूर्वा कहती हैं कि दृढ़ इच्छाशक्ति, ईमानदारी और मेहनत से लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उनका मानना है कि शुरुआत छोटी हो सकती है, लेकिन निरंतर प्रयास से बड़ी मंजिल तक पहुंचा जा सकता है। इसी भरोसे के साथ वह पढ़ाई जारी रखते हुए अपने सपने को आकार देने में जुटी हैं।