राहुल गांधी ने उत्तराखंड के 'मोहम्मद दीपक' को लगाया गले, बोले- कोटद्वार आकर लूंगा तुम्हारे जिम की सदस्यता
कोटद्वार के दीपक कुमार, जो 'मोहम्मद दीपक' के रूप में शांति की अपील के बाद चर्चा में आए थे, ने ...और पढ़ें

उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में दुकान विवाद के बाद चर्चा में आए दीपक कुमार ने नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से दिल्ली स्थित उनके आवास पर मुलाकात की।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, कोटद्वार (पौड़ी)। उत्तराखंड के पौड़ी जिले के कोटद्वार में दुकान का नाम बदलने को लेकर हुए विवाद के बाद चर्चा में दीपक कुमार फिर सुर्खियों में हैं।
दीपक कुमार ने सोमवार को कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से उनके दिल्ली स्थित आवास पर मुलाकात की।
राहुल गांधी ने दीपक को इंसानियत की मिसाल बताते हुए जल्द ही कोटद्वार आकर उनके जिम में सदस्यता लेने की बात कही। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट के 20 अधिवक्ता भी दीपक के जिम की सदस्यता लेने का एलान कर चुके हैं।

26 जनवरी को कोटद्वार में पटेल मार्ग में एक दुकान का नाम बदलने को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं और दुकान स्वामी के समर्थकों में विवाद हो गया था।
इस दौरान जिम संचालक दीपक कुमार ने स्वयं को मोहम्मद दीपक बताते हुए शांति बनाए रखने की अपील की थी। हालांकि, दोनों पक्षों में हल्की मारपीट भी हुई थी।
बजरंग दल के कमल पाल की ओर से दीपक के विरुद्ध मुकदमा भी लिखा गया। इस बीच दीपक के जिम में लोगों का आना कम हो गया। 150 सदस्यों में से 15 सदस्य ही पहुंच रहे थे।

अब अखिल भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के संचार विभाग के सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में उनकी राहुल गांधी से मुलाकात हुई है। दीपक कुमार ने बताया कि राहुल गांधी ने उनके परिवार से भी वार्ता की।
वैभव वालिया ने कहा कि यह केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि समाज में मानवता, करुणा और सेवा भाव की भावना का सम्मान है। इस मौके पर महानगर कांग्रेस कमेटी के प्रभारी अध्यक्ष संजय मित्तल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विजय रावत, अमित राज, नीरज बहुगुणा और वसीम अहमद भी मौजूद रहे।

इंसानियत जोड़ो यात्रा को लेकर मांगी राय
दीपक कुमार की इंटरनेट मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रही है। इसमें वह इंसानियत जोड़ो यात्रा शुरू करने के लिए आमजन से राय मांग रहे हैं।
उनके साथ मौजूद युवा कांग्रेस के जिला अध्यक्ष विजय रावत भी यह कहते नजर आ रहे हैं कि वह दीपक के साथ मिलकर इंसानियत जोड़ो यात्रा निकालने के बारे में सोच रहे हैं।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी ने कोटद्वार के 'मोहम्मद दीपक' से की मुलाकात, फिर बताया इंसानियत की मिसाल
यह भी पढ़ें- पहले जिम में 150 लोग आते थे... अब रहे गए 15 ही, 'मोहम्मद दीपक' ने बयां किया दर्द
