पौड़ी गढ़वाल में गुलदार का आतंक, घास काट रही महिला को बनाया शिकार
पौड़ी गढ़वाल के बछेली गांव में घास काट रही एक महिला को गुलदार ने मार डाला, जिससे इलाके में दहशत ...और पढ़ें

यह तस्वीर एआई से बनाई गई है

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। खंडाह क्षेत्र के बछेली गांव में गुलदार ने एक महिला को मार दिया। महिला का शव घटनास्थल से करीब 15 मीटर दूर मिला है। घटना के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल बना है। ग्रामीणों ने घटनास्थल पर वन विभाग के खिलाफ कड़े शब्दों में नाराजगी जताई।
उन्होंने पहले शव नहीं उठाने की बात कही। लेकिन बात में आपसी सहमति पर शव को घर पर लाया गया। शनिवार को अग्रिम कार्यवाही की जाएगी। ग्रामीणों ने गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की है। क्षेत्र में बीते लंबे समय से गुलदार सक्रिय हो रखा है।
शुक्रवार को शाम करीब पांच को पौड़ी गढ़वाल वन प्रभाग के नागदेव रेंज के अंतर्गत बछेली गांव की 48 वर्षीय बीना देवी पत्नी स्व. बालमुकुंद सिंह रावत अपने घर के समीप खेत में घास काट रहीं थीं। वहीं, कुछ दूरी पर अन्य तीन लोग भी घास काट रहे थे, जिसमें पति-पत्नी नीचे के खेत और एक अन्य महिला ऊपरी क्षेत्र में थीं।
वहीं, बीना देवी मध्य खेत में घास काट रहीं थीं। इसी दौरान दौरान झाड़ियों में छिपे गुलदार ने महिला पर हमला कर दिया। जब तक महिला कुछ समझ पाती, गुलदार महिला के गले पर हमला कर दिया और जबड़े से छिंचकर ले जाने लगा।
लेकिन, नीचे के खेत में मौजूद दंपति को देख गुलदार पुन: पीछे की तरफ मुड़ते हुए खेत के ऊपरी तरफ खिसकने लगा। ऐसे में ऊपरी खेत में पहले से मौजूद घास काट रही महिला को कुछ आभास हुआ कि नीचे के खेत में कोई वन्य जीव है। उनके द्वारा बीना देवी को आवाज दीं गईं, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला, जिस पर वह जोर-जोर से चिल्लाने लगीं।
ऐसे में नीचे के खेत सहित गांव में भी शोर-शराबा होने लगा, जिस पर गुलदार महिला के शव को छोड़कर भाग गया। ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह गुसाईं ने बताया कि गुलदार ने महिला के गले व गर्दन पर हमला किया है, जिससे उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंच गईं है।
उन्होंने बताया कि घटना के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना है। बताया कि करीब एक घंटे तक शव के साथ ग्रामीणों ने घटनास्थल पर वन विभाग के प्रति रोष जताते हुए गुलदार को आदमखोर घोषित कर मारने की मांग की।
साथ ही मृत महिला के एकलौते पुत्र को रोजगार देने की मांग की है। ग्राम प्रधान ने बताया कि ग्रामीणों ने आपसी सहमति पर शव को घटनास्थल से घर पर पहुंचा दिया है। इधर, गढ़वाल के डीएफओ महातीम यादव ने बताया कि वह टीम सहित मौके पर पहुंच गए हैं।
साथ ही ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए जरूरी उपकरण के साथ टीम तैनात कर दी गई है। घटनास्थल से लेकर आसपास के क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाए जा रहे हैं। साथ ही घटना के बारे में आला अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। बताया कि पीड़ित परिवार के प्रति उनकी पूरी संवेदना है।
झाड़ियों के चलते बना हुआ खतरा
बरसाती सीजन में वर्षा में उगी घास व झाड़ियों के चलते इन दिनों सड़क से लेकर संपर्क रास्तों व खेतों में वन्य जीवों का खतरा बना है। बछेली गांव के खेतों व रास्तों में भी चारों तरफ झाड़ी होने के चलते गुलदार आसानी से गांव के नजदीक पहुंचा और महिला को अपना शिकार बनाया।
घास के सहारे होता था परिवार का भरण-पोषण
ग्राम प्रधान कुलदीप सिंह गुसाईं ने बताया कि बीना देवी की पति बालमुकुंद सिंह रावत की मृत्यु करीब 25 वर्ष पूर्व हो गईं थी, जब वे गर्भवती भी। बाद में उन्होंने एकलौते बेटे अरविंद को जन्म दिया। बीना देवी घास बेचकर ही अपने परिवार का भरण-पोषण करतीं थीं।
उन्होंने बताया कि अब कुछ समय पूर्व अरविंद श्रीनगर गढ़वाल में किसी दुकान में काम करने लगा था, जिससे घर पर कुछ आमदानी आने लगी थीं। लेकिन इस घटना ने पूरे परिवार को हाशिए पर ला दिया है।
यह भी पढ़ें- गढ़वाली फिल्म 'घरजवैं' की मशहूर अभिनेत्री शांति चतुर्वेदी का निधन, कला जगत में शोक
यह भी पढ़ें- गढ़वाल विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली से तीसरा आरोपी गिरफ्तार
