गढ़वाल विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री रैकेट का भंडाफोड़, दिल्ली से तीसरा आरोपी गिरफ्तार
गढ़वाल विश्वविद्यालय फर्जी डिग्री मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी मनजीत सिंह को दिल्ली से गिरफ्तार किया है। उस पर ...और पढ़ें


समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
जागरण संवाददाता, श्रीनगर गढ़वाल। हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय के नाम पर फर्जी अंकतालिका और डिग्री बनाने के मामले में पुलिस ने एक और आरोपित को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने तीसरे आरोपित 33 वर्षीय मनजीत सिंह को दक्षिणी दिल्ली के बसंत विहार से गिरफ्तार किया। आरोपित पर गढ़वाल विश्वविद्यालय की बीबीए की फर्जी मार्कशीट और डिग्री तैयार कर उसके आधार पर एक कंपनी में मैनेजर के पद पर नौकरी करने का आरोप है।
गौरतलब हो कि पूर्व में गढ़वाल विश्वविद्यालय की फर्जी डिग्री, मार्कशीट प्रकरण को लेकर विवि के तत्कालीन परीक्षा नियंत्रक जय सिंह चौहान ने कोतवाली श्रीनगर में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायत में आरोप लगाया गया था कि कासिफ कलीम और अन्य व्यक्तियों ने विश्वविद्यालय के नाम, अंकतालिकाओं, उपाधि प्रारूपों, मोहरों और संबंधित अधिकारियों के फर्जी हस्ताक्षरों का इस्तेमाल कर कूटरचित दस्तावेज तैयार किए। इन दस्तावेजों को वास्तविक और प्रमाणिक अभिलेख बताकर विभिन्न स्थानों पर प्रयोग किया गया।
शिकायत के आधार पर कोतवाली श्रीनगर में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने आरोपितों की शीघ्र पहचान और गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार मनोज कुमार ठाकुर और क्षेत्राधिकारी श्रीनगर तपेश कुमार के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।
एसएचओ कुलदीप सिंह ने बताया कि पुलिस इससे पूर्व मुख्य आरोपित कासिफ कलीम और मामले में प्रकाश में आए देवांश पांडे को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
विवेचना के दौरान मनजीत सिंह की संलिप्तता सामने आने पर पुलिस ने साक्ष्य जुटाए और उसे दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, मामले में अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फर्जी शैक्षणिक दस्तावेज तैयार करने और उनका नौकरी में इस्तेमाल करने के इस प्रकरण में पुलिस की कार्रवाई जारी है।
